पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा सपा में शामिल, जा सकतें है राज्यसभा
लखनऊ। पूर्व केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा समाजवादी पार्टी में एक बार फिर से वापस लौट आये हैं। सपा में वापस आने से पहले उन्होंने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से उनके घर पर मुलाकात की जिसके बाद एक प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से मुलायम सिंह ने खुद उनके सपा में शामिल होने की घोषणा की।
पूरे उत्तर प्रदेश में घूमी सपा की "साइकिल नंबर 2017"

सपा सरकार में भी रह चुके हैं मंत्री
बेनी प्रसाद समाजवादी पार्टी के लंबे समय तक नेता रहे हैं और वह सपा सरकार में यूपी में बेसिक शिक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन सपा के साथ बगावत करके वह कांग्रेस में शामिल हो गये थे। यूपीए सरकार में वह केंद्रीय इस्पात मंत्री रहे।
कांग्रेस में हो रही थी घुटन
बेनी प्रसाद वर्मा के साथ लोकदल के नेता किरणपाल भी शामिल हो गये है। किरणपाल को पश्चिमी यूपी का बड़ा जाट नेता माना जाता है। सपा में शामिल होते समय कहा कि वह कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे थे, वह कांग्रेस में खुद का तालमेल नहीं बैठा पा रहे थे। इसके साथ ही वह किसी भी स्थिति में यूपी में अखिलेश यादव के खिलाफ प्रचार करने के लिए तैयार नहीं थे।
बेनी प्रसाद के सपा में वापस आने के बाद आजम खां ने कहा कि बेनी बड़े नेता थे और उनके पार्टी से जाने से वह दुखी थे। लेकिन वह पार्टी में वापस आ गये हैं यह खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी में वापस आने से पूरे प्रदेश में बहार आयेगी।
मिल सकता है राज्यसभा का टिकट
माना जा रहा है कि बेनी प्रसाद राज्यसभा में अपनी सीट पक्की करने के लिए फिर से सपा में शामिल हुए हैं। बेनी प्रसाद वर्मा को सपा में शामिल होने के लिए राज्यसभा की टिकट देने का वादा किया है। आपको बता दें कि बेनी प्रसाद वर्मा का सपा से बहुत पुराना रिश्ता है।
बाराबंकी से जीता था पहला चुनाव
बेनी प्रसाद संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर पहली बार 1974 मे बाराबंकी के दरियाबाद विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की थी। उसी दौर में उनकी मुलायम सिंह यादव औऱ चौधरी चरण सिंह के साथ मजबूत नेता के तौर पर उभरे थे।
मुलायम के साथ केंद्र में रह चुकें हैं मंत्री
संयुक्त मोर्चा की सरकार में मुलायम सिंह रक्षा मंत्री रहे तो बेनी प्रसाद संचार मंत्री बने थे। लेकिन बाद में मुलायम से मनमुटाव के चलते बेनी प्रसाद ने 2007 में समाजवादी क्रांति पार्टी बनायी और फिर 2009 में कांग्रेस में शामिल हो गये और गोंडा से लोकसभा चुनाव जीता था।












Click it and Unblock the Notifications