flashback 2021: कोरोना से 15 दिन में पति समेत परिवार के 8 सदस्यों को खोया, पढ़िए सीमा यादव की दर्दभरी दास्तां
लखनऊ, 28 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। यूपी की योगी सरकार ने विधान परिषद में यह दावा किया था। लेकिन क्या यह दावा सही है? इसका जवाब वो लोग बखूबी दे सकते हैं जिन्होंने कोरोना में अपने परिवार के किसी न किसी सदस्य खो दिया।
वन इंडिया हिंदी की Flashback 2021 सीरीज के तहत हम आपको उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 20 किलोमीटर दूर इमलिया गांव की रहने वाली सीमा यादव कहानी बता रहे हैं। सीमा यादव ने कोरोना की दूसरी लहर में महज 15 दिन के अंदर अपने पति समेत परिवार के आठ सदस्यों को खो दिया।

पति ने आखों के सामने तड़प-तड़पकर दम तोड़ा
सीमा यादव ये बताते हुए रो पड़ी कि कैसे उनके सामने उनके पति ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। सीमा यादव ने बताया, ''उनको सांस लेने में इतनी दिक्कत हो रही कि क्या बताएं कैसे वो हमारे सामने तड़प-तड़प कर मर गए। कुछ हम नहीं कर पाए उनके लिए। वो (पति) खुद डॉक्टर के आगे हाथ जोड़ रहे थे कि डॉक्टर साहब हमें बचा लीजिए, हमारे दो छोटे छोटे बच्चे हैं, उनकी पढ़ाई बर्बाद हो जाएगा, उनकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी।''

8-9 लोगों के लिए एक सिलेंडर था, खरीदने पर भी नहीं मिल रहा था ऑक्सीजन
सीमा बताती हैं कि एक सिलेंडर में आठ-नौ लोगों के लिए पतली सी पाइप सी लगी थी। बोल तो यही रहे थे कि अभी ये भी मिल रही है, अगर ज्यादा बढ़ा देंगे तो सिलेंडर खत्म होंगे तो मिल भी नहीं पाएंगे। उन्होंने आगे कहा, ''ऑक्सीजन की इतनी दिक्कत थी कि रात में ढाई बजे खतम हो गई तो 15-20 मिनट ऐसे तड़प रहे थे कि हमने उनको सीने से दाब-दाब कर राहत पहुंचाई। इसके बाद सिलेंडर मिला था। उस समय कहीं खरीदने में भी सिलेंडर नहीं मिल रहे थे। मेरे घर में भाई लोग सब पैसे लिए घूम रहे थे कि कहीं से सिलेंडर मिल जाए और उन लोग को हम बचा लेंगे, लेकिन कहीं सिलेंडर नहीं मिले।''

डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, दवाई चढ़ने पहले मौत
अपने पति के बारे में बताते हुए सीमा ने कहा, ''डॉक्टर ने जैसे ही इंजेक्शन लगाया, दवाई चढ़ भी नहीं पाई, वो तुरंत खतम हो गए वहीं।'' बता दें, उत्तर प्रदेश में बीते दिनों शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस एमएलसी के सवाल पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने लिखित जवाब देते हुए जानकारी दी थी कि ऑक्सीजन की कमी से किसी की भी मौत होने की सूचना नहीं मिली है।












Click it and Unblock the Notifications