यूपी में 15 अप्रैल से निर्माण कार्यों को शुरू करने का फैसला स्थगित, लॉकडाउन बढ़ने के बाद लिया गया निर्णय
लखनऊ। पीएम नरेंद्र मोदी के लॉकडाउन बढ़ाने के बाद उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल से फिर से शुरू होने वाले निर्माण कार्यों को रोक दिया गया है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की निर्माण समिति की बैठक में 15 अप्रैल से निर्माण कार्यों को पुनः प्रारंभ करने के फैसले को स्थगित किया जाता है। भारत सरकार की गाइड लाइन के अध्ययन के बाद बैठक कर निर्माण कार्यों को प्रारंभ करने की तिथि की सूचना दी जाएगी। बता दें, केशव मौर्य ने सोमवार को अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ बैठक के बाद कहा था कि सोशल डिस्टैंसिंग को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल से सरकारी परियोजनाओं पर निर्माण फिर से शुरू होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट को देखते हुए पूरे देश में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ाने का ऐलान कर दिया। 21 दिनों का लॉकडाउन आज समाप्त हो रहा था। लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरान सभी को अनुशासन दिखाना है और अपने घरों से बाहर नहीं निकलना है। केशव मौर्य ने कहा, 3 मई 2020 तक देश प्रदेश के हित में लॉकडाउन बढ़ाने के फ़ैसले का स्वागत है। माननीय प्रधानमंत्री जी की अपील का पालन करने से कोरोना संक्रमण के संकट पर भारत की विजय सुनिश्चित होगी। उत्तर प्रदेश सरकार और यहां की 23 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में कोरोना संक्रमण के संकट पर विजय के लिए कृत संकल्पित है।
कानपुर में कोरोना से पहली मौत
कानपुर में कोरोना वायरस के संक्रमण से पहली मौत हो गई है। हैलट अस्पताल के कोविड-19 आईसीयू में भर्ती युवक की सोमवार शाम मौत हो गई थी। मंगलवार को लखनऊ से आई रिपोर्ट में युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस बात का खुलासा हैलट के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक प्रो.आरके मौर्या ने किया है। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार सुबह एसजीपीजीआई ने युवक के कोरोना सैंपल की रिपोर्ट दी है, वो पॉजिटिव आई है।












Click it and Unblock the Notifications