UP: कर्मचारियों की सैलरी नहीं रोक सकता संस्थान, दिहाड़ी मजदूर और गरीबों को एक-एक हजार रुपए देगी योगी सरकार
लखनऊ। लॉकडाउन की वजह से बंद हुई कंपनियां और उद्योग अपने कर्मचारियों की सैलरी नहीं रोक सकते हैं। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सभी उद्योगों को आदेश दिया है कि वह अपने कर्मचारियों को वेतन का भुगतान करें। सीएम योगी ने अधिकारियों को ये भी आदेश दिया है कि वह सरकारी फंड से दिहाड़ी मजदूरों और गरीबों को एक-एक हजार रुपए आर्थिक मदद करें।

मकान मालिकों से की गुजारिश
सीएम योगी ने मकान मालिकों से भी गुजारिश की है कि वह ऐसे किराएदारों से किराया ना लें, जो गरीब और दिहाड़ी मजदूर हैं। सीएम योगी ने कहा, अगर लोग अपने बिल का भुगतान करने में सक्षम नहीं हैं तो भी बिजली और पानी की सप्लाई नहीं काटी जाएगी। मुख्यमंत्री ने यहां रहने वाले लोगों को आश्वासन देते हुए कहा, "सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी को भोजन, पीने का पानी और दवाई मिले चाहे वह कहीं से भी हो।" उन्होंने कहा, "अधिकारियों को अन्य राज्यों के श्रमिकों की दैनिक और आर्थिक जरूरतों का ध्यान रखने की आवश्यकता है ताकि वे अपने राज्यों में पलायन करने की आवश्यकता महसूस न करें।"
खुद निगरानी कर रहे सीएम योगी
बता दें, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ दिल्ली से आए लोगों को उनके जिलों में पहुंचाने के लिए खुद निगरानी कर रहे हैं। लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वह खुद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। रविवार को वह बसों के संचालन को देखने और यात्रियों का हालचाल लेने के लिए अवध चौराहे पर पहुंच गए और यात्रियों से बात की। ये यात्री लखनऊ के अवध चौराहे से बसों द्वारा कानपुर, गोरखपुर, बस्ती और फैजाबाद की ओर जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications