हाथरस कांड: सीएम योगी ने सदन में कहा- हर अपराधी के साथ समाजवादी शब्द क्यों जुड़ जाता है?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुई घटना को लेकर एक बार फिर समाजवादी पार्टी को घेरा है। बुधवार को सदन में सीएम योगी ने कहा, 'कल हाथरस में जो दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई, क्या समाजवादी पार्टी का उस अपराधी से कोई संबंध नहीं है? हर अपराधी के साथ समाजवादी शब्द क्यों जुड़ जाता है। मैं यह पूछना चाहता हूं यह कौन सी स्थिति है, कौन सी मजबूरी है?' इस पर नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने एक पोस्टर दिखाते हुए कहा कि हाथरस मामले का आरोपी भाजपा के सांसद के साथ बैठा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान हाथरस की घटना का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस में हुई घटना ने 'टोपी' को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा, 'कल हाथरस में भी साबित हुआ है। दिनभर सोशल मीडिया पर यह चला कि टोपी वाला कौन था? इंटरनेट मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर यह टोपी वाला कौन है? एक बार फिर यह टोपी शर्मसार हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां एक समाजवादी पार्टी की रैली होने वाली है। उस रैली में उस व्यक्ति के पोस्टर होर्डिंग लगे हैं। होर्डिंग, पोस्टर में समाजवादी पार्टी के नेताओं के भी चित्र हैं।
बता दें, हाथरस में सोमवार को किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दरअसल, किसान ने 2018 में इलाके के गौरव के खिलाफ बेटी से छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाया था। इस मामले में गौरव जेल भी गया था। वह फिलहान जमानत पर बाहर था। गौरव इस मुकदमे को वापस लेने और किसान की छोटी बेटी से शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। गौरव फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई करने का आदेश दिया। इस मामले को लेकर मंगलवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था।












Click it and Unblock the Notifications