CM योगी का विपक्ष पर वार, कहा- राष्ट्र नायकों की तुलना खलनायकों से करना बर्दाश्त नहीं की जाएगी
लखनऊ, 15 दिसंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश की कुछ विभाजनकारी ताकतें हैं जिन्हें देश की एकता पसंद नहीं है। उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थों के कारण जाति, भाषा, क्षेत्रवाद व वंशवाद के नाम पर और उसे बढ़ावा देकर राजनीतिक प्रदूषण पैदा किया। सीएम योगी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का व्यक्तित्व एकता के सूत्र में बांधने वाला व्यक्तित्व था। आज कुछ लोग वल्लभभाई पटेल की तुलना जिन्ना के साथ करने का प्रयास करते हैं। राष्ट्र नायक की तुलना खलनायकों से करना अपमान है। ये अपमान भारत की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात के केवड़िया में, जो लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मस्थली भी है, वहां दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा स्थापित की गई। सीएम ने कहा कि भारत और उसकी एकता के प्रति उनकी सोच क्या हो गई है। राष्ट्र के नायक की तुलना एक खलनायक से करना, ये राष्ट्रनायकों का अपमान है। ये अपमान भारत की जनता कभी बर्दाश्त नहीं कर सकता है।
'सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 'सुझाव आपका, संकल्प हमारा' अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा, "संकल्प लोक कल्याण का माध्यम है, संकल्प व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि लोक कल्याण और राष्ट्र कल्याण के लिए लिया जाता है। हमने 2017 के सभी संकल्पों को पूरा किया है।" इस मौके पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले हमने विपक्षी पार्टियों की तरह घोषणा पत्र नहीं जारी किया था, बल्कि संकल्प पत्र को जारी किया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों द्वारा घोषणा पत्र जारी किया जाता है जो समय के साथ ही कहीं किनारे लग जाता है। वहीं, भाजपा का संकल्प पत्र लोक कल्याण और राष्ट्र कल्याण के लिए होता है।












Click it and Unblock the Notifications