लोगों को मिले उचित दामों पर सब्जी, भाव पर कंट्रोल रखने के लिए सीएम योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में अधिकारियों के साथ बैठक में कई जरूरी निर्देश दिए। लोगों को सब्जियां उचित दामों पर बाजार में मिले इस पर उन्होंने अफसरों से कहा कि सब्जियों की महंगाई को नियंत्रण में रखने के लिए वो गंभीरता से काम करें। सब्जियों की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि आलू, प्याज, टमाटर का विशेष ध्यान रखें। समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीद समय पर करने की तैयारी भी करने को कहा। धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर मुख्यमंत्री ने जोर दिया।

मुख्यमंत्री अफसरों को लगातार कोरोना वायरस के संक्रमण काल में अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और चिकित्सा की गुणवता बेहतर बनाने के निर्देश देते रहे हैं। बुधवार को भी उन्होंने अफसरों को कहा कि जिला अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में दवाइयों, ऑक्सीजन और अन्य जरूरी चीजें हों, यह सुनिश्चित करें। कोरोना वायरस से संबंधित अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग पर उन्होंने फिर जोर दिया। कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने सर्विलांस टीम को मजबूत बनाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो ऑक्सीजन का रेट तय किया है, मरीजों को उसी रेट पर मिले, इसको सुनिश्चित किया जाय। लखनऊ और कानपुर में कोरोना वायरस के हालात को देखते हुए उन्होंने अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य और अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायत राज लखनऊ को निर्देशित किया है कि वहां की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते रहें। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य से उन्होंने कानपुर नगर की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने फिर दोहराया कि जब तक कोरोना वायरस की दवाई या वैक्सीन नहीं आ जाती तब तक बचाव ही इसका सबसे बेहतर उपाय है। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक बनाया जाय।












Click it and Unblock the Notifications