उपचुनावों में जीत ने बढ़ाया सपा कार्यकर्ताओं का मनोबल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिस तरह से विपक्षी दल सपा सरकार को घेरने में जुटे हैं और जिस तरह से आम लोग बढ़ते अपराध को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं, उसे देख कई सपा कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटने सा लगा था, लेकिन विधानसभा उपचुनाव में दोनों सीटों पर सपा का कब्जा होने से कार्यकर्ताओं का मनोबल कई गुना बढ़ गया है।

विधानसभा की दो सीटों पर हुए चुनाव में सपा उम्मीदवारों को मिली जीत पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोनों उम्मीदवारों को बधाई दी है। दोनों उम्मीदवार गाजीपुर के जंगीपुर और मुरादाबात के बिलारी विधानसभा सीट से जीते हैं।
पढ़ें- मूर्तियों का मार्केट गर्म यानी यह है बसपा की दस्तक
पार्टी की जीत पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में जंगीपुर (गाजीपुर) और बिलारी (मुरादाबाद) के विधान सभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की जीत ने समाजवादी सरकार के विकास कार्यो और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की लोकप्रियता पर भरोसे की मुहर लगा दी है।
राजेंद्र यादव ने कहा कि इस जीत से यह विश्वास बढ़ा है कि वर्ष 2017 में फिर प्रचंड बहुमत से समाजवादी सरकार बनेगी। इन दो उपचुनावों ने यह संकेत भी दिया है कि प्रदेश में विपक्ष की नकारात्मक राजनीति से मतदाता ऊबा हुआ है। भाजपा की सांप्रदायिकता की लहर को रोकने का काम भी सिर्फ समाजवादी पार्टी ही कर सकती है।
पढ़ें- बाबा रामदेव के उत्पादों के विरुद्ध फतवा
उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने विकास का एजेंडा लागू करने की जो ईमानदार कोशिश की उसका मतदाताओं पर गहरा असर पड़ा है और लोग अब उसकी तारीफें करने लगे हैं। चालीस साल में जो काम नही हुए, चार वर्षो के कार्यकाल में समाजवादी सरकार ने वह कर दिखाए हैं। इससे दूसरे राज्य ईष्र्या करने लगे हैं। समाज के सभी वर्गो के लोग विकास योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं।
जनता का भरोसा समाजवादी नीतियों और समाजवादी सरकार के विकास कार्यो के प्रति हैं। विपक्ष सरकार के कार्यो के बारे में गुमराह करने वाले बयान देते रहता है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सकारात्मक राजनीति के पक्षधर है और उन्होंने अपनी सारी शक्ति प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में लगाई है। प्रदेश के मतदाताओं ने उनको उपचुनावों में भारी समर्थन देकर उनकी विकास परक नीतियों और धर्मनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्धता जाहिर की है। समाजवादी पार्टी मतदाताओं को इसके लिए धन्यवाद देती है और आभार व्यक्त करती है।












Click it and Unblock the Notifications