मायावती ने 'जन आशीर्वाद यात्रा' को लेकर BJP को घेरा, कहा- बेहतर होता बाढ़ पीड़ितों की मदद करते
लखनऊ, 16 अगस्त: बीएसपी प्रमुख मायावती ने 'जन आशीर्वाद यात्रा' को लेकर बीजेपी को घेरा है। मायावती ने कहा कि इससे बेहतर होता अगर पार्टी अपनी इस यात्रा को बाढ़ पीड़ित मदद यात्रा के रूप में निकालती। केवल हवाई दौरा करने से बाढ़ पीड़ितों की समस्या हल होने वाली नहीं है। बता दें, उत्तर प्रदेश में आज से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा शुरू हो रही है। इस यात्रा में उन केंद्रीय मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है जिन्हें हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी की यह यात्रा कई मायनों में काफी अहम मानी जा रही है।
Recommended Video

मायावती ने कहा- भाजपा बाढ़ की आड़ में भी घिनौनी राजनीति कर रही है
बीजेपी की 'जन आशीर्वाद यात्रा' को लेकर मायावती ने सोमवार को कहा, ''भाजपा ने आज से अपनी जन आशीर्वाद यात्रा शुरू की है, बेहतर होता अगर पार्टी अपनी इस यात्रा को बाढ़ पीड़ित मदद यात्रा के रूप में निकालती। कोरोना के दौरान भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में सरकार कोरोना नियमों को कितना निभा पाएगी, ये देखने की बात है।'' बसपा सु्प्रीमो ने आगे कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में बीएसपी के तत्वाधान में प्रबुद्ध वर्ग के कार्यक्रम हो रहे हैं, तब से भाजपा को काफी बौखलाहट हो रही है। भाजपा बाढ़ की आड़ में भी घिनौनी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल हवाई दौरा करने से बाढ़ पीड़ितों की समस्या हल होने वाली नहीं है।
BJP ने कहा था- बाढ़ पीड़ितों की मदद बजाय जातिवादी सम्मेलन में व्यस्त हैं मायावती
बता दें, बीजेपी उत्तर प्रदेश के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से बीते शनिवार को 'फर्क साफ है' सीरीज वाला पोस्टर शेयर करते हुए सपा और बसपा पर निशाना साधा गया था। पोस्टर में एक तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ बाढ़ के हालात का जायजा ले रहे हैं और बाढ़ पीड़िता मां की गोद में बैठे मासूम बच्चे को दुलार रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ पोस्टर में अखिलेश यादव साइकिल चलाते हुए नजर आ रहे हैं और नीचे मायावती की तस्वीर है। अखिलेश की तस्वीर के नीचे कैप्शन में लिखा गया है, ''बाढ़ के वक्त लाखों रूपये की मर्सिडीज साइकिल से चुनावी प्रचार में मस्त।'' वहीं, मायावती की तस्वीर के नीचे कैप्शन में लिखा है, ''बाढ़ ग्रस्त लोगों की मदद के बजाय जातिवादी सम्मेलन में व्यस्त।''












Click it and Unblock the Notifications