Budget 2021: मायावती ने कहा- खोखले दावे नहीं, सरकार अपने वादों को जमीनी हकीकत में लागू करे तो बेहतर
BSP Chief Mayawati Reaction On Union Budget 2021: लखनऊ। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आज देश का आम बजट 2021-22 पेश किया। इस बजट पर बीएसपी (BSP) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने सोमवार को दो ट्वीट किए। उन्होंने कहा, 'संसद में आज पेश केंद्र सरकार का बजट पहले मन्दी व वर्तमान में कोरोना प्रकोप से पीड़ित देश की बिगड़ी अर्थव्यवस्था को संभालने तथा यहां की अति-गरीबी, बेरोजगारी व महंगाई आदि की राष्ट्रीय समस्या को क्या दूर कर पाएगा? इन्हीं आधार पर सरकार के कार्यकलापों व इस बजट को भी आंका जाएगा। अपने दूसरे ट्वीट ने बसपा अध्यक्ष ने कहा, 'देश की करोड़ों गरीब, किसान व मेहनतकश जनता केन्द्र व राज्य सरकारों के अनेकों प्रकार के लुभावने वायदे, खोकले दावे व आश्वासनों आदि से काफी थक चुकी है तथा उनका जीवन लगातार त्रस्त है। सरकार अपने वायदों को जमीनी हकीकत में लागू करे तो यह बेहतर होगा।

Recommended Video
वित्त मंत्री ने संसद में पेश किया आम बजट
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में सोमवार को देश का आम बजट 2021-22 पेश किया। कोरोना वायरस महामारी के बीच पेश किए गए बजट में वित्त मंत्री ने कई महत्वपूर्ण ऐलान किए। रविंद्रनाथ टैगोर की कविता के साथ अपना बजट भाषण शुरू करते हुए निर्मला सीतारमण ने अकेले कोरोना वायरस वैक्सीन को विकसित करने के लिए 35 हजार करोड़ के बजट की घोषणा की।
सीएम योगी ने किया बजट का स्वागत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान आम बजट को लोक कल्याणकारी, सर्वसमावेशी और 'आत्मनिर्भर भारत' की मंशा के अनुरूप बताया है। सीएम योगी ने कहा कि बजट में किसान, मध्य वर्ग, गरीब, महिलाओं समेत प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखा गया है। यह अर्थव्यवस्था को गति देने एवं देश के हर नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त करने का कार्य करेगा। सीएम योगी ने कहा, 'अंत्योदय की भावना को साकार करता वर्तमान आम बजट अभिनंदन योग्य है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था के उन्नयन में मील का पत्थर साबित होगा। इसके माध्यम से समाज के सभी वर्गों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।'












Click it and Unblock the Notifications