अखिलेश ने कहा- हम भी टीका लगवाएंगे, छोटी बहू अपर्णा यादव बोलीं- देर आए दुरस्त आए
लखनऊ, जून 08: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के कोरोना वैक्सीन लगवाने के फैसले पर मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, मैं हमेश से टीकाकरण के पक्ष में थी। मैं सराहना करती हूं कि भैया (अखिलेश यादव) ने भी इसका समर्थन किया है। देर आए दुरस्त आए।'' अपर्णा यादव ने कहा कि इसे सकारात्मक दृष्टि से देखा जाना चाहिए, इसका राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। बता दें, मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव कोरोना वैक्सीन की पहली डोज पहले ही लगवा चुकी हैं। अपर्णा ने लोगों से भी वैक्सीन लगवाने की अपील की थी।

मुलायम सिंह यादव ने लगवाई कोरोना वैक्सीन की पहली डोज
मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ले ली है। गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में मुलायम ने कोरोना की वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। मंगलवार को सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी वैक्सीन लगवाने का ऐलान किया है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा है कि हम भी टीका लगवाएंगे। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ''जनाक्रोश को देखते हुए आख़िरकार सरकार ने कोरोना के टीके के राजनीतिकरण की जगह ये घोषणा करी कि वो टीके लगवाएगी। हम भाजपा के टीके के ख़िलाफ़ थे पर 'भारत सरकार' के टीके का स्वागत करते हुए हम भी टीका लगवाएंगे व टीके की कमी से जो लोग लगवा नहीं सके थे उनसे भी लगवाने की अपील करते हैं।''
अखिलेश ने जनवरी में किया था विरोध
इससे पहले जनवरी में अखिलेश यादव ने कहा था कि मैं बीजेपी की वैक्सीन पर कैसे भरोसा कर सकता हूं, जब हमारी सरकार बनेगी तो सभी को फ्री में टीका लगेगा, हम बीजेपी की वैक्सीन नहीं लगवा सकते। इस बयान के बाद काफी हंगामा हुआ था। सोमवार को मुलायम द्वारा वैक्सीन लगाए जाने के बाद मंगलवार को अखिलेश यादव ने भी वैक्सीन लगवाने की बात कही। बता दें, मुलायम के वैक्सीन लगवाने के बाद भाजपा नेताओं ने अखिलेश पर तंज कसा था। यूपी के स्वास्थ्य मंत्री ने साफ तौर पर कहा है कि मुलायम सिंह यादव ने अपने लड़के के विचारों से अलग होकर अपने विचार से ये वैक्सीन लगवाई है ये अच्छी बात है। अब उन्हें अपने परिवार के लोगों को भी ये वैक्सीन लगवानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications