स्वतंत्रता दिवस पर अखिलेश का भाजपा पर हमला, कहा- गंगा-जमुनी संस्कृति को खत्म करने की साजिश हो रही है
लखनऊ, 15 अगस्त: समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पार्टी कार्यालय में ध्वजरोहण कर जनता को बधाई दी। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि आज जो सत्ता में है, उन्होंने कोई वादा पूरा नहीं किया। संविधान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। दलितों और पिछड़ों को सोचना होगा कि संविधान में उन्हें जो अधिकार मिला है, क्या वह मिल पाया?

अखिलेश यादव ने कहा कि देश में जातीय जनगणना 1931 के बाद नहीं हुई है। आज जो सत्ता में है, वह जातीय आधार पर समाज में झगड़ा कराते और समाज को बांटते हैं। आज के दिन सरकार को जातीय जनगणना का फैसला लेना चाहिए, जिससे पता चले कि समाज में किस जाति की संख्या कितनी है, इससे नई नीतियां बनाते समय जनसंख्या के आधार पर फैसले लिए जा सके। अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव देश बचाने का चुनाव है, 2022 के विधानसभा चुनाव को नौजवान अपना चुनाव समझें।
अखिलेश ने कहा कि आज देश की आजादी का दिन मनाने के साथ-साथ आजादी के लिए खुद को बलिदान करने वाले शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं को याद करने का भी दिन है। इस आजादी के लिए लाखों लोगों ने कुर्बानी दी है। हमारा देश बहुत विशाल है और इस देश में अलग-अलग जाति धर्म के लोग रहते हैं। इतनी विविधता दुनिया के किसी देश में नहीं है। अखिलेश ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश की गंगा जमुनी संस्कृति और पहचान को खत्म करने की साजिश हो रही है। पुरानी बातों में जाने की कोशिश कर रहे हैं। देश के अन्नदाता को अपमानित कर रहे हैं, लोगों को उलझाने के लिए अन्न महोत्सव मना रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications