RLD संग हमारा गठबंधन पक्का हो गया है, बस सीटों पर बात होनी बाकी है: अखिलेश
लखनऊ, 01 नवंबर: यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर तैयारियों में तमाम पार्टियां जुटी हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बताया कि यूपी चुनाव 2022 के लिए उनके और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के बीच गठबंधन तय हो गया है। बस सीटों पर बात होनी बाकी है। एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा, 'रालोद संग हमारा गठबंधन पक्का हो गया है। सब सीट शेयरिंग होनी है।'
Recommended Video

प्रियंका गांधी से हुई थी जयंत चौधरी की मुलाकात
अखिलेश का यह बयान ऐसे वक्त में आया था, जब रविवार को राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से मिले थे। इससे यूपी में गठबंधन का समीकरण बदलने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, अब अखिलेश ने साफ कर दिया है कि सपा और रालोद के बीच गठबंधन तय है।
जयंत चौधरी ने कहा था- सपा से हुआ गठबंधन तो एक करोड़ युवाओं को देंगे रोजगार
इससे पहले जयंत चौधरी ने मथुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर समाजवादी पार्टी और रालोद के गठबंधन वाली सरकार बनती है तो वह एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने की दिशा में काम करेगी। जयंत चौधरी ने ऐलान किया था कि उनका गठबंधन किसानों को भाजपा सरकार द्वारा दिए जाने वाले छह हजार रुपए के सापेक्ष प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए देगा और लघु एवं सीमांत किसानों व दूसरों का खेत जोतने वालों को 15 हजार रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने 'किसानों का बिजली बिल माफ करने तथा भविष्य में हाफ' करने का भी वादा किया।












Click it and Unblock the Notifications