नोटबंदी से मरने वालों के परिजनों को अखिलेश यादव ने सौंपे मुआवजे के चेक
अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को चेक सौंपते हुए कहा कि पैसा काला या सफेद नहीं होता, हमारा लेन-देन काला और सफेद होता है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव ने आज नोटबंदी की वजह से हुई मौतों में मृतकों को परिजनों को मुआवजे के चेक सौंपे। अखिलेश यादव ने 7 दिसबंर को उन लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया था। जिनकी मृत्यु बैंक या एटीएम की लाइनों में हुई है।

8 नवंबर को पीएम मोदी के नोटबंदी के ऐलान के बाद देशभर में बैंकों और एटीएम की लाइनों में लोगों की मौतें हुई हैं। इससे अब तक 100 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में नोटबंदी के कारण हुई मौतों में मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि ये जानें सरकार के फैसले की वजह से गई हैं। आज उन्होंने मृतकों के परिजनों को चेक सौंपे।
नोटबंदी के कारण मरे लोगों के परिजनों को चैक देने के बाद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को जमकर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से लोग परेशान हुए हैं, अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हुई है और जो सरकार जनता को दुख देती है, जनता उसे हटा देती है। अखिलेश ने कहा कि कालेधन का शोर बेवजह है। पैसा काला-सफेद नहीं होता, लेनदेन काला-सफेद होता है,उन्होंने मुस्कुराते हुए अपने चितपरिचित अंदाज में कहा कि कुकरैल नाले में भी पता चला, पैसे बह रहे हैं।
यूपी के मुख्यमंत्री ने एक बार फिर दोहराया कि-समाजवादी पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी। उन्होंने कहा कि हम लोग सरकार बनाने जा रहे हैं, हमारी फिर से सरकार बनेगी और नोटबंदी भी यूपी चुनाव का मुद्दा होगा।
अखिलेश ने अपनी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि हम शहर में 24 और गांवों में 18 घंटे बिजली दे रहे हैं, गोरखपुर में एम्स के लिए समाजवादी लोगों ने जमीन दी है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग बन जाने के बाद केंद्र ने यूपी की धनराशि में कटौती की है। अखिलेश ने कहा कि केंद्र ने पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल को छोड़कर साइकिल चलाएं। उत्तर प्रदेश में साइकिल ही चलेगी।












Click it and Unblock the Notifications