अखिलेश यादव ने आवास के बाहर लोकनायक की मूर्ति पर किया माल्यार्पण, कहा- 'NDA से समर्थन वापस लें नीतीश कुमार'
Akhilesh Yadav News Live: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण की जयंती पर लखनऊ में स्थित JPNIC में प्रवेश करने से प्रशासन ने रोक दिया।
इतना ही नहीं, अखिलेश यादव के आवास के बाहर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण नेशनल कन्वेंशन सेंटर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। भीड़ को रोकने के लिए पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग भी किया गया।

जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच गए। नेताओं कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। अखिलेश यादव भी जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की जिद पर अड़ गए।
बाद में अधिकारियों से वार्ता हुई और अखिलेश यादव अपने आवास में स्थापित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा को बाहर लाए और वहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयप्रकाश नारायण को याद किया। माल्यार्पण के दौरान का फोटो भी समाजवादी पार्टी द्वारा शेयर किया गया।
नीतीश कुमार को एनडीए से समर्थन वापस लेना चाहिए
लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मीडिया से भी बातचीत की। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार JPNIC को बेचना चाहती है।
पहले भी हमें माल्यार्पण करने से रोका गया था। योगी लोकनायक का इतिहास नहीं जानते। हमें श्रद्धांजलि देने से रोका गया। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी सरकार हर अच्छे काम को रोकती है। यह गूंगी बहरी सरकार है और यह विकास नहीं विनाश करने में माहिर है।
आगे उन्होंने यह भी कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आंदोलन से निकलने वाले कई नेता आज एनडीए गठबंधन में हैं। उन सभी नेताओं को यह पूरा प्रकरण समझना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अपील की कि वे केंद्र में भाजपा सरकार को अपना समर्थन वापस लें।
वही माल्यार्पण के बाद समाजवादी पार्टी के आधिकारिक X अकाउंट से लिखा गया "तानाशाही से नहीं डरते हैं समाजवादी ! माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी ने स्व. जय प्रकाश नारायण जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी अमर रहें, समाजवाद जिंदाबाद !"












Click it and Unblock the Notifications