'भाजपा के CAB जैसे कदम ऐतिहासिक नहीं बल्कि ऐतिहासिक भूल साबित होंगे'
लखनऊ। नागरिकता संशोधन बिल को लेकर विपक्षी दल लगातार विरोध कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'भाजपा के CAB जैसे कदम ऐतिहासिक नहीं बल्कि ऐतिहासिक भूल साबित होंगे।' अखिलेश यादव ने कहना है कि वह इस बिल के खिलाफ हैं।

एएमयू में छात्रों का प्रदर्शन
बता दें, नागरिकता संशोधन बिल को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार रात लाइब्रेरी कैंटीन पर जमा हुए हजारों छात्रों के सैलाब ने हाथों में मशाल लेकर यूनिवर्सिटी सर्किल तक प्रोटेस्ट मार्च निकाला। इस दौरान केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार व नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में छात्र जमकर नारे लगाए गए। पुलिस ने 20 छात्रों पर नामजद व 500 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। बुधवार सुबह छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए एएमयू परिसर में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
जानें क्या है नागरिकता संशोधन बिल
नागरिकता संशोधन बिल नागरिकता अधिनियम 1955 के प्रावधानों को बदलने के लिए पेश किया जा रहा है, जिससे नागरिकता प्रदान करने से संबंधित नियमों में बदलाव होगा। नागरिकता बिल में इस संशोधन से बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदुओं के साथ ही सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाइयों के लिए बगैर वैध दस्तावेजों के भी भारतीय नागरिकता हासिल करने का रास्ता साफ हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications