पोते को बचाने बीच में आया दादा, बेटे ने पिता को डंडे से पीट-पीटकर दी मौत
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में एक बेटे ने बुजुर्ग पिता को डंडे से पीट-पीटकर लहूलुहान कर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में आरोपित युवक अपने बेटे को बेरहमी से पीट रहा था। बुजुर्ग दादा से यह देखा न सका और बीच बचाव में आने पर बांस के डंडे से हमला बोल दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मामला मोहनलालगंज थाना क्षेत्र कोराना गांव का है। यहां मृतक बाबूलाल (70) अपने परिवार के साथ रहता था। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज के मुताबिक, बाबूलाल का इकलौता बेटा रामकिशुन (45) उर्फ कालिया शराब का आदी है। मंगलवार शाम कालिया शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही शराब के नशे में वह अपने बेटे रामकरन को पीटने लगा। वहीं, बुजुर्ग बाबूलाल से यह देखा नहीं गया तो वह पोते को बचाने बीच में आ गया।
आग बबूला कालिया ने अपने बुजुर्ग पिता पर हमला कर दिया। उनके सिर पर बांस के डंडे से वार कर उन्हें लहूलुहान कर भाग निकला। आनन-फानन में बाबूलाल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सीएचसी भेज दिया गया। सीएचसी में हालत गंभीर होने के चलते उन्हें ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर थी इसके बावजूद घर वाले रात लगभग एक बजे बाबूलाल को घर ले आये। रात तकरीबन 3:30 बजे बाबूलाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर जीडी शुक्ला के मुताबिक, हत्यारोपित रामकिशुन उर्फ कालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications