घर लौटी मां ने देखी बेटी की लाश, कागज के टुकड़े पर लिखा था, 'आई लव यू'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाजारखाला थाना क्षेत्र में एक युवती घर पर मृत मिली। उसकी मां ने उसे फंदे पर लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतिका के पास एक कागज का टुकड़ा मिला। उस कागज पर लिखा था- 'आई लव यू, कभी मुझे अकेला छोड़कर मत जाना'
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि युवती डिप्रेशन में थी। जिस वक्त वह घर पर अकेली थी, तभी उसने फांसी लगा ली।

संवाददाता के अनुसार, मृतिका की पहचान दीप्ती गुप्ता (33) के रूप में हुई। इंस्पेक्टर बाजारखाला ने कहा कि दीप्ती ने नोट में किसका जिक्र किया होगा, ये पता लगाया जा रहा है। हालांकि परिवार ने अब तक किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मृतिका के भाई सुमिल ने पुलिस को बताया कि वह मां को लेकर सुबह अस्पताल में भर्ती चचेरी भाभी को देखने राजाजीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल गए थे। इस दौरान घर पर दीप्ती अकेली थी।
साढ़े नौ बजे जब मां घर लौटी तो दीप्ती को आंगन में रस्सी के फंदे पर लटका देखा। उन्होंने फौरन परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। साथ ही पुलिस को 100 नंबर पर जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications