अखिलेश जी! आजम पर लगाम लगाइए वरना परिणाम बुरा होगा: भाजपा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई ने सोमवार को शहरी विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आगाह किया कि यदि वह अपने मंत्री पर लगाम नहीं लगा पाए तो उन्हें इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हत्यारा कहने वाले आजम के बयान से नाराज भाजपा के प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि आजम केबयान से ज्यादा अखिलेश की चुप्पी परेशान करने वाली है।

पाठक ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान आजम ने मोदी के खिलाफ चुन-चुन कर अपशब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन अब जब वह लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं, राज्य के कैबिनेट मंत्री के अपशब्दों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्री के खिलाफ उचित कार्रवाई न करने पर भाजपा की प्रदेश इकाई प्रदर्शन करेगी।
भाजपा ने आजम द्वारा राज्य के राज्यपाल राम नाईक को पुजारी बुलाए जाने पर भी आपत्ति जताई है। आजम ने सप्ताहांत पर एक बयान में कहा था कि राज्यपाल का व्यवहार राज्यपाल से अधिक अयोध्या के एक पुजारी की तरह है। भाजपा नेता पाठक ने कहा कि आजम को यह बात दिमाग में रखनी चाहिए कि अपने अपशब्दों का इस्तेमाल वह न केवल संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ कर रहे हैं, बल्कि उनके खिलाफ भी कर रहे हैं, जिनके पास राज्यपाल होने के नाते उन्हें नियुक्त करने का अधिकार है।












Click it and Unblock the Notifications