यूपी में 1500 के पार पहुंची कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या, अब तक 21 लोग तोड़ चुके हैं दम
लखनऊ। पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से जूझ रही है। दुनियाभर में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 21393 हो गई है और 681 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 16454 एक्टिव केस हैं। 4257 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां अब तक 1,507 लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं, इनमें से 1,299 सक्रिय मामले हैं।

उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के लिए 1,507 लोगों का टेस्ट पॉजिटिव आया है, इनमें से 1,299 सक्रिय मामले हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से 187 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जिन्हें अस्पातल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं, 21 लोग अब तक इस संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की विभिन्न लैब में बुधवार को 3955 सैम्पल्स टेस्ट किए गए। 812 सैम्पल्स पूल टेस्टिंग की प्रकिया के तहत टेस्ट किए गए। उन्होंने बताया कि यूपी के 30 जिलों में कोरोना को कोई भी सक्रिय मामला नहीं है। जहां भी 20 या 20 से अधिक केस मिले हैं वहां पर स्वास्थ्य विभाग के एक सीनियर अधिकारी की तैनाती की जाएगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाॅकडाउन की समीक्षा करते हुए कहा है कि जनपदों में फील्ड में तैनात सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से पेट्रोलिंग करें। आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन से जुड़े वाहनों को दी गई छूट का दुरुपयोग न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी जनपदों के जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं। अवस्थी ने कहा कि बाॅर्डर पर या किसी मुख्य मार्ग पर अगर किसी ट्रक में जानबूझकर सवारी बिठाई जाएगी तो ऐसे ट्रकों को जब्त कर लिया जाएगा। इस प्रकार के वाहनों के लिए चेतावनी दी गई है कि किसी प्रकार से लाॅकडाउन का उल्लंघन न हो। केवल ड्राइवर व क्लीनर ही वाहन में रहेंगे। लौटते समय अगर वाहन खाली है तो भी कोई और व्यक्ति उसमें नहीं बैठेगा।












Click it and Unblock the Notifications