यूपी में सपा के 100 मौजूदा विधायकों का कट सकता है टिकट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट तैयार करने में जुटी है। पार्टी ने पहले राउंड में 229 मौजूदा विधायकों के मुल्यांकन का काम पूरा कर लिया है और जल्द ही बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

229 विधायकों की रिपोर्ट तैयार
पार्टी 229 मौजूदा विधायकों की रिपोर्ट के आधार पर उनके काम व लोकप्रियता के आंकलन के बाद यह फैसला लेगी कि इन्हें दोबारा टिकट दिया जाएगा या नहीं। पार्टी के सूत्रों के मानें तो 229 मौजूदा विधायकों में से 100 विधायकों का टिकट कट सकता है। इन सभी विधायकों का टिकट उनकी वजह से पार्टी को हुए नुकसान और काम के आधार पर काटा जाएगा। हालांकि इसपर अंतिम फैसला सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव लेंगे।
विधान परिषद के सदस्यों को दी गई थी जिम्मेदारी
आपको बता दें विधायकों के मुल्यांकन के लिए पार्टी ने दो विधान परिषद के सदस्यों को 18 डिवीजन के विधायकों के काम का लेखा जोखा तैयार करने का जिम्मा दिया है। इन विधायको की लोकप्रियता और उनके काम का लेखा-जोखा भी एमएलसी देंगे। सूत्रों की मानें तो इस टीम ने सभी विधायकों के काम का लेखा-जोखा पार्टी को दे दिया है।
बैठक में किया गया रिपोर्ट का आंकलन
इस रिपोर्ट पर मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और शिवपाल यादव के साथ मीटिंग भी कर चुके हैं। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में तमाम विधायकों के काम पर चर्चा की गई। इस बैठक में 100 विधायकों का काम देखते हुए टिकट नहीं देने का फैसला लिया गया है। हालांकि बैठक में मुलायम सिंह यादव ने मौजूद नेताओं की राय ली लेकिन अपनी राय नहीं रखी।
नेताजी लेंगे अंतिम फैसला
पार्टी के अंदरूनी नेता की मानें तो जिन विधायकों का टिकट काटा जाएगा उसपर फैसला लेने में समय लग सकता है, इसकी मुख्य वजह है कि इनकी जगह पर दूसरे उम्मीदवार को टिकट दिए जाने की योग्यता। माना जा रहा है कि नए उम्मीदवारों को टिकट दिए जाने से नए उम्मीदवार व मौजूदा विधायक के बीच अनबन हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications