Lakhimpur Kheri: थार के ड्राइवर, पत्रकार समेत 4 लोगों की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी, 26 अक्टूबर: लखीमपुर खीरी में 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा की गाड़ी से कुचलकर चार किसानों की मौत हो गई थी। इसके बाद भड़की हिंसा में थार के ड्राइवर, दो बीजेपी कार्यकर्ता और एक स्थानीय पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में एसआईटी ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसआईटी ने वीडियो, फोटो और ऑडियो के आधार पर गुरविंदर सिंह उर्फ गिंदा और विचित्तर सिंह को गिरफ्तार किया है।

लखीमपुर हिंसा में हुई थी कुल आठ लोगों की मौत
Recommended Video
बता दें, 3 अक्टूबर को लखीमपुर में हुई हिंसा में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी। इनमें चार किसान थे, जबकि एक थार जीप का ड्राइवर, दो बीजेपी कार्यकर्ता और एक स्थानीय पत्रकार शामिल था। चार किसानों की मौत के मामले में किसानों की तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर में अभी तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा के अलावा बीजेपी सभासद सुमित जायसवाल के साथ-साथ अंकित दास, लतीफ उर्फ काले, शेखर भारती, शिशुपाल, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, नंदन सिंह बिष्ट, आशीष पांडे, लवकुश राणा, मोहित त्रिवेदी, रिंकू राणा और धर्मेंद्र शामिल है।
बीजेपी कार्यकर्ता, ड्राइवर की हत्या मामले में दो गिरफ्तार
मंत्री अजय मिश्रा के बेटे की गाड़ी से कुचलकर हुई चार किसानों की मौत के बाद गुस्साए किसानों ने थार जीप के ड्राइवर, दो बीजेपी कार्यकर्ता और एक स्थानीय पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। दूसरे पक्ष की तरफ से बीजेपी सभासद सुमित जायसवाल ने एफआईआर दर्ज कराई थी। हिंसा से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद एसआईटी ने विचित्र सिंह और गुरविंदर सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था। इन दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जांच टीम ने वीडियो के जरिए 6 आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से दो को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस लगी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications