Lakhimpur Kheri: दबंगों ने ट्रैक्टर से तोड़ा बुजुर्ग महिला का घर, वीडियो वायरल, सपा ने योगी सरकार को घेरा
लखीमपुर खीरी, 25 अगस्त: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दबंगों ने एक व्यक्ति का पक्का मकान ट्रैक्टर से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पीड़ित परिवार के लोग चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन दबंग ट्रैक्टर से मकान को तोड़ते रहे। एक बुजुर्ग महिला ने दबंगों का विरोध भी किया, लेकिन उससे भी कुछ फर्क नहीं पड़ा। बुधवार का इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद समाजवादी पार्टी, यूपी की योगी सरकार पर हमलावर हो गई।

समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए योगी सरकार पर हमला किया गया है। इसे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी रीट्वीट किया है। सपा ने ट्वीटर पर लिखा, ''योगीजी के सरकारी प्रशासनिक बुलडोजर वाले गुंडाराज से प्रेरित होकर अब गांव कस्बे तहसील जिले स्तर पर लोकल दबंग, गुंडे, भाजपाई गुंडागर्दी कर रहे और जमीनी, मकान, दुकान विवाद में ट्रैक्टर, जेसीबी, बुलडोजर से गरीब कमजोर और न्यायालय में विचाराधीन मामलों तक में संपत्ति गिरा रहे। ऐसे ही मामले में लखीमपुर में आज गुंडे बदमाशों ने एक घर ट्रैक्टर से गिरा दिया।'' सपा ने आगे कहा, ''योगीजी! ये घटना आपके राज में बुलडोज हो चुकी कानून व्यवस्था, संविधान, न्याय प्रक्रिया का खुलेआम उल्लंघन और गुंडे बदमाशों के बुलंद हौसलों और उन्हें मिले भाजपाई व प्रशासनिक संरक्षण की कहानी कह रही।''
बता दें, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो 2 मिनट 42 सेकेंड का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक घर के परिसर में ट्रैक्टर लेकर घुस गए और उन्होंने ट्रैक्टर से पक्के मकान को तोड़ दिया। पीड़ित परिवार की महिलाएं और लोग चीखते रहे, लेकिन ट्रैक्टर नहीं रुका। देखते ही देखते घर को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर 3 नामजद मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications