मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए कंधे पर बच्चे की लाश लिए अस्पताल में दौड़ता रहा पिता
लखीमपुर खीरी। सरकारी व्यवस्थाओं की संवेदनहीनता को बयां करती है एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर में आंखों में आंसू लिए एक पिता अपने मासूम बेटे के शव को कंधे पर लेकर अस्पताल के चक्कर काटता दिख रहा है।

तेज बुखार के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया था बेटा
नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम रमुआपुर के रहने वाले दिनेश चंद ने अपने चार साल के बेटे दिव्यांशु को बुखार के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया।
मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए हुआ परेशान
जब बेटे के शव को ले जाने की बारी आई तो उसे बताया गया कि मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाना होगा। बिना मृत्यु प्रमाणपत्र के अस्पताल से छुट्टी नहीं मिलेगी। इसपर दिनेश परेशान हो गया। बेटे के गम ने उसे पहले ही तोड़ दिया था और अब अस्पताल के फरमान के कारण उसे कुछ सूझ नहीं रहा था। वह कभी एक काउंटर पर जाता तो उसे दूसरे काउंटर पर भेज दिया जाता।
मशक्कत के बाद बना मृत्यु प्रमाणपत्र
काफी मशक्कत के बाद वह मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा पाया और वह बेटे के शव को घर ले जा पाया। मामले में सीएमएस डॉ. आरके वर्मा का कहना है कि मरीज की मौत के बाद उसका प्रमाणपत्र जारी हो जाता है। ऐसी कोई परेशानी नहीं होती।












Click it and Unblock the Notifications