लखीमपुर खीरी: मासूम बच्ची की नृशंस हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हुई गैंगरेप की पुष्टि
लखीमपुर खीरी। 14 अगस्त को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में 13 साल की मासूम बच्ची का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। शव मिलने के बाद घटना की जांच में जुटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। तो वहीं, लखीमपुर खीरी के एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को बच्ची की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

वारदात लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी एक ग्रामीण की 13 वर्षीय पुत्री शुक्रवार को दिन के करीब 11 बजे खेत जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन वो शाम तक घर वापस नहीं लौटी तो उसके परिवार वाले परेशान हो गए। बच्ची के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश करने के बाद जब बच्ची का कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने गांव वालों के साथ मिलकर खेतों में खोज शुरू की।
खोजबीन में घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित झन्नू यादव के खेत में बालिका का शव मिल गया। शव देख परिवार में कोहराम मच गयी। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बालिका की दोनों आंखें फूटी हुईं थी और उसकी जबान भी किसी नुकीले औजार से छेदी हुई थी। इतना ही नहीं, उसके गले में उसी का दुपट्टा कसा था और दोनों पैर बंधे थे। शव मिलने के बाद से ही आशंका जताई जा रही थी कि उसके साथ दरिंदगी के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
वहीं, शव मिलने की सूचना के बाद ईसानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। लखीमपुर खीरी एसपी सत्येंद्र कुमार मीडिया को बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications