Kushinagar: शराब तस्कर बता थाने ले गयी पुलिस, फिर हुआ कुछ ऐसा लॉकअप में हो गई युवक की मौत
Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक ऐसी खबर आ रही है जो पुलिसकर्मियों के रवैये पर प्रश्नचिन्ह लगाती है। कटेया थाना क्षेत्र के रहने वाले परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की बेरहमी से पिटाई से उनके बेटे की मौत हो गई है। पुलिस हिरासत में मौत के बाद हंगामा शुरु हो गया है।
कुशीनगर जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बुजुर्ग गांव के पंकज कुशवाहा उम्र 28 वर्ष अपने गांव के राजन कुशवाहा के साथ पड़ोस के बिहार प्रांत के कटेया थाना क्षेत्र में अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। मृतक के परिजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में शराब चेकिंग में लगे कटेया थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मी दोनों को शराब तस्करी के आरोप में पकड़कर थाने ले गए। युवक की पत्नी लक्ष्मी देवी व ग्रामीणों का आरोप है कि हवालात में दोनों की पिटाई की गई, जिससे पंकज की लॉकअप में ही मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना पर आज रात में उसके गांव से सैकड़ों लोग कटेया थाने पर जा पहुंचे व दोषी पुलिकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

कुशीनगर जनपद से सटे बिहार के सदर अस्पताल गोपालगंज में पोस्टमार्टम कराने के बाद रात के दो बजे मृतक पंकज का शव परिजनों व ग्रामीणों को सौंप दिया गया। हालांकि इस बीच परिजन व ग्रामीण आरोपी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications