Rain in Rajasthan : कोटा के गांवों में बाढ़ के हालात, सुल्तानपुर का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कटा, देखें VIDEO
कोटा, 21 जुलाई। राजस्थान में सावन के बदरा झूमकर बरस रहे हैं। सबसे ज्यादा हाड़ोती अंचल व इसके आस-पास के इलाके पर मेहरबान हैं। बीती रात ही कोटा जिले के सुल्तानपुर इलाके में मूसलधार बारिश हुई है, जिससे खेत खलिहान तालाब बन गए। रास्तों में आवागमन बाधित हो गया और घरों में पानी में घुस गया।
Recommended Video

सुल्तानपुर में आसमां से पानी आफत बनकर बरसा है। जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। सुल्तानपुर में खाड़ी की छोटी पुलिया पर 6 फीट की चादर चल रही है। सुल्तानपुर के अलावा कोटा जिले के रेलगाव, दीगोद आदि में भारी बारिश हुई है। नालों में पानी की काफी आवक होने के कारण कोटा-श्योपुर स्टेट हाइवे व दीगोद सीमल्या मार्ग बाधित हो गया है।
दीगोद उपखण्ड मुख्यालय पर 3-3 फीट पानी भरने के समाचार मिले हैं। मारवाड़ा चौकी का नाले में उफान के कारण कोटा श्योपुर मार्ग से आवाजाही सुबह सात बजे बाद हो पाई। उधर, मध्यप्रदेश में भी जोरदार बारिश होने से चम्बल व पार्वती नदी में जलस्तर बढ़ गया है। दोनों नदी मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान में भी बहती हैं। कोटा के मंडाना क्षेत्र में तड़के साढ़े चार बजे एक घंटे तक बारिश हुई है। कई घरों में पानी घुस गया। खेतों में फसलें खराब हो गईं।
मौसम विभाग के अनुसार कोटा में साल 2022 के सीजन में अब तक 324.5 एमएम बारिश हो चुकी है। इसके अलावा बुधवार को 24 घंटे में झालावाड़ में 1, रायपुर में 52, अकलेरा में 4, बकानी में 10, गंगधार में 05, झालरापाटन में 22, खानपुर में 7, मनोहरथाना में 19 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।












Click it and Unblock the Notifications