शादी में अचानक शुरू हो गई अंधाधुंध फायरिंग, दूल्हा-दुल्हन भाग छूटे, गोली लगने से पूर्व सरपंच की मौत
कोटा, 13 दिसम्बर। राजस्थान के कोटा जिले के भवानीमंडी कस्बे से सटे मध्यप्रदेश सीमावर्ती भैसोदा गांव में संत रामपाल के अनुयायियों द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान हुई फायरिंग में गोली लगने से पूर्व सरपंच की मौत हो गई।

संत रामपाल के अनुयायी ने बताया कि भैसोदा गांव के भैंरव गार्डन परिसर में संत रामपाल के प्रवचन का ऑनलाइन प्रसारण तथा दो जोड़ों का बिना दहेज के रमणी शादी विवाह समारोह संपन्न कराया जा रहा था। उसी दौरान करीब 10-12 लोग वहां पहुंचे और कार्यक्रम को बंद करने को कहते हुए लाठी, डंडों और लोहे के पाइप से मारपीट करने लगे। मौके पर लगी कार्यक्रम प्रसारण की एलईडी वॉल को भी बदमाशों ने तोड़ दिया। ऐसे में महिलाओं और पुरुषों में भगदड़ मच गई।
कार्यक्रम संचालकों द्वारा विरोध करने पर किसी अज्ञात बदमाश ने वहां फायरिंग कर दी, जिसमें कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर देवीलाल निवासी शामगढ़ मध्य प्रदेश गोली लगने से गंभीर घायल हो गए। भवानीमंडी चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोटा रेफर किया गया है। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। लाठी-डंडों की मारपीट में करीब आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और पुरुष भी चोटिल हुए हैं। उधर घटना की जानकारी मिलते ही मध्य प्रदेश के भानपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।

भानपुरा थानाधिकारी संजय सूर्यवंशी ने बताया कि संत रामपाल के अनुयायियों द्वारा रमणी कार्यक्रम किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां लाठी-डंडों से हमला किया। एक व्यक्ति को वहां हुई फायरिंग में गोली भी लगी है, जिसे कोटा रेफर किया गया है। मौके पर मिले फोटो और वीडियो फुटेज के आधार पर कुछ लोगों को नामजद किया गया है और धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications