कोटा कलेक्टर ऑफिस में बोरिया-बिस्तर लेकर पहुंचे BJP विधायक मदन दिलावर, जानिए पूरा मामला
कोटा, 2 जून। राजस्थान में भाजपा विधायक मदन दिलावर ने अनूठे ढंग से धरना दिया। वो भी कलेक्टर के ऑफिस में। विधायक मदन दिलावर की मांग है कि उनके विधानसभा क्षेत्र में डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाए।

दरअसल, राजस्थान के कोटा जिले की रामगंजमंडी सीट से भाजपा विधायक मदन दिलावर बुधवार को पार्षद नितिन धारीवाल, रेखा यादव व समर्थकों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। खास बात यह है कि विधायक मदन दिलावर अपने साथ तकिया व चद्दर भी लेकर आए और कोटा कलेक्टर चेंबर में धरने पर बैठ गए।
मीडिया से बातचीत में मदन दिलावर ने कहा कि उन्हें जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। मांगें नहीं मानीं गई तो वे कलेक्टर कार्यालय में ही बिस्तर लगाकर सो जाएंगे। इससे पहले दिलावर ने 27 मई को कलेक्टर चेम्बर में करीब 1 घंटे धरना तक दिया था।

बता दें कि तकिया बिस्तर लेकर विधायक मदन दिलावर कोटा डीएम ऑफिस में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। कोटा जिला कलेक्टर आईएएस मृदुल सिंह ने पूरे मामले में राज्य सरकार से वार्ता करवाई। फिर धरना समाप्त किया गया। पहले एक जून तक स्टाफ लगाने का आश्वासन दिया था, जो पूरा नहीं होने पर विधायक को धरना देना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications