iPhone से डिलीट हो गए 7000 फोटो, 500 वीडियो, हैरान-परेशान टीएमसी सांसद मिमी चक्रवर्ती ने एप्पल से मांगी मदद
अभिनेत्री से राजनेता बनीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिमी चक्रवर्ती इस समय काफी परेशान हैं और इस परेशानी का कारण बना है उनका आईफोन। दरअसल उनके आईफोन से 7000 फोटोज और कुल मिलाकर 500 वीडियोज डिलीट हो गई हैं
कोलकाता, 17 नवंबर। अभिनेत्री से राजनेता बनीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद मिमी चक्रवर्ती इस समय काफी परेशान हैं और इस परेशानी का कारण बना है उनका आईफोन। दरअसल उनके आईफोन से 7000 फोटोज और कुल मिलाकर 500 वीडियोज डिलीट हो गई हैं। लाख कोशिशों के बाद भी मिमी इन फोटोज और वीडियोज को दोबारा पाने में असफल रही हैं। अंतत: उन्होंने हारकर एप्पल कंपनी से इसकी शिकायत की है और मदद की गुहार लगाई है।

एप्पल कंपनी को ट्वीट कर मांगी मदद
एप्पल कंपनी को टैग कर उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा- ' मेरे एप्पल आईफोन से 7,000 फोटोज और 500 वीडियो डिलीट हो गई हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं रोऊं या चिल्लाऊं। सभी तरीके अपना लिए मगर बात नहीं बनी। मैं बहुत परेशान हूं।' बंगाल के जादवपुर से लोकसभा सांसद ने एप्पल को टैग करते हुए मदद मांगी है।

लॉन्च होते ही खरीदा था एप्पल आईफोन 13
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मिमी ने सितंबर में लॉन्चिंग के तुरंत बाद एप्पल आईफोन 13 खरीदा था। बता दें कि मिमी चक्रवर्ती जादवपुर से लोकसभा सांसद हैं और एक प्रसिद्ध बंग्ला अभिनेत्री हैं। जून में उन्हें कोरोना की फर्जी वैक्सीन लगा दी गई थी, जिसके बाद वह बीमार पड़ गई थीं। हालांकि इलाज के बाद वह ठीक हो गईं।

कई यूजर्स ने मिमी को सुनाई खरी खोटी
उनके इस ट्वीट पर काफी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जिनके जरिए लोगों ने उनकी मदद करने की कोशिश की है। एक यूजर ने डिलीट हुए फोटोज को वापस लाने की पूरी प्रक्रिया भी साझा की है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि इन्हें आप आईक्लाउड में खोज सकते हैं। वहीं एक यूजर ने तो मिमी की खिंचाई भी कर दी। उसने लिखा हजारों लोग स्कूल छोड़ने को मजबूर हैं, अपनी नौकरी खो दी है, भूखे रह रहे हैं। लेकिन सांसद महोदया को केवल अपनी तस्वीरों और वीडियो की चिंता है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा मुझे लगता है अब आपको अपने क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए थोड़ा समय मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications