KKR टीम के स्वागत समारोह में शामिल होंगी CM ममता

करीब एक घंटे के इस कार्यक्रम में राज्य के मंत्री, क्रिकेट और दूसरे खेलों के पूर्व खिलाड़ियों सहित कई और लोग मौजूद होंगे। इस दौरान आम लोगों का स्टेडियम में जाना निशुल्क होगा। कार्यक्रम दिन में एक बजे शुरू होगा। इससे पहले नाइट राइडर्स के कप्तान गौतम गंभीर जब आईपीएल ट्रॉफी लेकर आज कोलकाता पहुंचे तो बड़ी संख्या में प्रशंसक हवाईअड्डे के बाहर मौजूद थे। खेल मंत्री मदन मित्रा और बंगाल क्रिकेट संघ के अधिकारी टीम के स्वागत के लिए हवाईअड्डे पर मौजूद थे। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता नाइट राइडर्स के स्वागत समारोह के लिए अपने कार्यक्रम में फेरबदल किए हैं।
ममता ने सोमवार को कहा कि आईपीएल का सातवां संस्करण जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम का मंगलवार को शहर में भव्य स्वागत किया जाएगा। सरकारी अधिकारियों ने बताया कि ममता बनर्जी को उत्तरी बंगाल में पांच दिन के दौरे पर रहना था। हालांकि अब वह केकेआर टीम के स्वागत समारोह के लिए सोमवार देर रात ही कोलकाता लौट आएंगी। समारोह के खत्म होने के बाद वह दौरे पर लौट जाएंगी।
राज्य सरकार और बंगाल क्रिकेट संघ मिल कर इडेन गार्डन्स में स्वागत समारोह का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी के लिए गृह सचिव बासुदेब बनर्जी, खेल मंत्री मदन मित्रा और पुलिस आयुक्त सुरोजित कर पुरकायस्थ बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जगमोहन डालमिया तथा कोषाध्यक्ष विश्वरूप डे से मिले।












Click it and Unblock the Notifications