TMC में एक और घर वापसी! अब दीपेंदु बिश्वास ने लिखी ममता को चिट्ठी, कहा- मेरा बुरा फैसला था BJP में जाना
विधानसभा चुनावों से पहले टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पार्टी के बागी नेताओं का चुनावों के बाद घर वापसी का दौर शुरू हो चुका है।
कोलकाता, 1 जून। विधानसभा चुनावों से पहले टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पार्टी के बागी नेताओं का चुनावों के बाद घर वापसी का दौर शुरू हो चुका है। सोनाली गुहा और सरला मुर्मू के बाद टीएमसी के बागी नेता दीपेंदू बिस्वास ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को पत्र लिखकर माफी मांगते हुए कहा कि टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल होना बुरा फैसला था।

बता दें कि टीएमसी से टिकट न मिलने के बाद बिस्वास चुनावों से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। फुटबॉलर से नेता बने बिस्वास ने सीएम को लिखी चिट्ठी में कहा कि वह फिर से टीएमसी में शामिल होना चाहते हैं। दीपेंदु विश्वास 2016 में बशीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट से टीएमसी की टिकट पर विधायक चुने गए थे।
इससे पहले पूर्व टीएमसी विधायक सोनाली गुहा ने ममता बनर्जी को चिट्ठी लिखकर मांफी मांगी थी और कहा था कि वह फिर से टीएमसी में शामिल होना चाहती हैं। सोशल मीडिया पर शेयर की गई अपनी चिट्ठी में गुहा ने लिखा कि उन्होंने भावुकतावश टीएमसी छोड़ने का निर्णय लिया था।
यह भी पढ़ें: कोलकाता हाईकोर्ट ने टीएमसी नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का दिया आदेश, जमानत याचिका पर लगाई रोक
गुहा ने चिट्ठी में लिखा जैसे मछली पानी के बिना नहीं रह सकती ऐसे ही मैं आपके बिना नहीं रह सकती 'दीदी'। मैं आपसे माफी मांगती हूं और यदि आप मुझे माफ नहीं करेंगी तो मैं जी नहीं पाऊंगी। कृपया मुझे वापस आने और अपने सानिध्य में सारा जीवन गुजारने की अनुमति दें।
चार बार की विधायक रहीं गुहा को किसी समय सीएम ममता बनर्जी की परछाई माना जाता था। जल्द ही, मालदा जिला परिषद सदस्य सरला मुर्मू और उत्तर दिनाजपुर के विधायक अमोल आचार्य ने कहा कि वे भी पार्टी में लौटने के इच्छुक हैं।
विधानसभा चुनावों से पहले टीएमसी छोड़ बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को लेकर ममता बनर्जी ने कहा था कि पार्टी सिर्फ जनता के लिए काम करने वाले नेताओं को टिकट देगी। जो लोग पार्टी छोड़कर जाना चाहते हैं जा सकते हैं। विधानसभा चुनावों मे टीएमसी ने भारी वोटों से जीत हासिल की और अब पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए नेता दोबारा टीएमसी में वापसी की राह तलाश रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications