MP BJP: विजयराघवगढ़ विधानसभा के तीन मण्डलों बरही, खितौली व सिनगौड़ी के त्रिदेव सम्मलेन में शामिल हुए वीडी शर्मा
विजयराघवगढ़ विधानसभा के तीन मण्डलों बरही, खितौली एवं सिनगौड़ी के लाभार्थी और त्रिदेव सम्मलेन में शामिल होने आज बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा पहुंचे। जहां उन्होंने विधायक संजय पाठक की जमकर तारीफ की।
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल को लेकर जनता के बीच जा रही है। इसी क्रम में विजयराघवगढ़ विधानसभा में शनिवार को तीन मंडलों के 153 बूथों के लाभार्थी और त्रिदेव, पंचपरमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के अपने संकल्प को पूरा कर देश ही नहीं दुनिया के सामने जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वो अकल्पनीय और अनुकरणीय है। इसी तरह प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को भाजपा की सरकार ने जिस संकल्प के साथ किया, वह अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन रहा है।
मोदी के नेतृत्व को पाकर हम गौरवान्वित है
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि बूथ कार्यकर्ता एवं त्रिदेव अपने बूथों पर भाजपा के दर्पण हैं। त्रिदेव-पंच परमेश्वर संगठन की सर्वोपरि शक्ति हैं। भाजपा में कार्यकर्ता संगठन की सर्वोपरि शक्ति होता है, इसलिए यहां कार्यकर्ता को देवतुल्य कहा जाता है। उन्होंने कहा कि बूथ कार्यकर्ताओं को मिलने वाला 'संपदा' कार्ड उनके सम्मान, पहचान और दायित्व का बोध कराता है। विष्णुदत्त शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कहा कि हम गौरवान्वित हैं मोदी जी जैसे नेतृत्व को पाकर जिनका आज दुनिया में लोहा माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे विधायक संजय चौबीसों घण्टे जन सेवा में जुटे रहते हैं हम सभी को उन पर गर्व है।

मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है
त्रिदेव पंच परमेश्वर सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। वहीं राहुल गांधी अमेरिका जाकर प्रधानमंत्री की बुराई कर रहे हैं। विदेशों में जाकर देश और भारत सरकार विरोधी उनके बयान दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी के नेतृत्व में बढ़ता हुआ भारत और विकसित भारत रास नहीं आ रहा है, इसलिए कांग्रेस दिन रात सिर्फ भ्रम और मिथ्या प्रचार में लगी रहती है।
योजनाओं के लाभ से कोई भी व्यक्ति अछूता न रहे
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ आमजनों तक दिलाने में हमारे कार्यकर्ताओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यकर्ता घर- घर जाकर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाएं। आपके बूथ पर कोई भी व्यक्ति भाजपा की डबल इंजन सरकार की योजनाओं से अछूता न रहे, इसकी जिम्मेदारी हमारे बूथ कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने बूथ कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के संकल्प के साथ जुट जाएं। शर्मा ने लाभार्थी सम्मलेन में कहा कि विकास और भाजपा एक दूसरे के पर्याय है। भाजपा सरकार में राष्ट्रीय राजमार्गों की उपलब्धता के साथ ही विकास की बयार बह रही है। दिग्विजय सिंह के कार्यकाल में मध्यप्रदेश पिछड़ा हुआ था। आज भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए है।
हमारा उद्देश्य राजनीति के जरिये समाजसेवा- पाठक
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री संजय पाठक ने कहा कि हमारा उद्देश्य राजनीति के जरिए समाजसेवा है, इस उद्देश्य में जब हम अपने पीएम मोदी, सीएम शिवराज सिंह चौहान और संगठन के मुखिया विष्णुदत्त शर्मा को दिन रात काम करते देखते हैं तो हमारा उत्साह बढ़ता है और गौरव की अनुभूति होती है। पाठक ने 12 जून को होने जा रहे हरिहर तीर्थ के बारे में जानकारी दी साथ ही भूमि पूजन एवं रामकथा में सभी से सहभागिता निभाने का आव्हान किया। जिलाध्यक्ष दीपक टण्डन ने कहा कि प्रदेश में सत्ता और संगठन के जिस नेतृत्व के साथ हम कार्यकर्ता कार्य कर रहे हैं, वह हम सभी के लिए न सिर्फ गौरवशाली है बल्कि प्रेरणादायक भी है जो किसी भी विषम परिस्थितियों में हमे अपने कर्तव्य का बोध कराता है।












Click it and Unblock the Notifications