कासगंज स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की पिटाई, मरीज के परिजनों ने जमकर काटा बवाल
Recommended Video
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हादसे में घायल के उपचार को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मरीज के परिजनों ने डॉक्टर एवं स्टाफ के साथ मारपीट कर दी। इससे सीएचसी पर अफरातफरी मच गई। इनका आरोप था कि डॉक्टर नशे की हालत में था। इधर डॉक्टर ने मरीज के परिजनों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामला कासगंज जिले के सोरों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। गुरुवार की रात सोरों के गांव सियारपुर निवासी 30 वर्षीय मदन पुत्र मूलचंद्र गुरुवार रात अलीगढ़ से अपने घर लौट रहा था। नगरिया एवं सियारपुर के बीच में उसकी बाइक किसी वाहन से टकरा गई। हादसे में मदन घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सोरों सीएचसी पर आए। उस वक्त यहां डॉ. प्रशांत, दिनेश भारद्वाज एवं नवनीत शर्मा की ड्यूटी थी।
परिजनों का आरोप है वह सीएचसी पर पहुंचे तो डॉक्टर नशे में थे। उन्होंने इलाज करने से इन्कार कर दिया तथा रेफर करने में भी आना-कानी करने लगे। इस दौरान यहां मौजूद एक युवक ने रुपये की मांग की। डॉक्टर मरीज को रेफर करने के बजाए कक्ष से बाहर आ गए। इस पर परिजनों व डॉक्टर में विवाद हो गया। परिजनों ने चिकित्सक के साथ मारपीट कर दी। घटना से स्वास्थ्य केंद्र पर अफरातफरी मच गई। इस मामले में डॉ. प्रशांत ने परिजनों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने एवं मारपीट की तहरीर दी है। डॉक्टर ने शराब के नशे में होने से भी इन्कार किया है।
एसीएमओ को सौंपी जांच रिपोर्ट
मामला तूल पकड़ने के बाद शुक्रवार सुबह सीएमओ डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव भी सीएचसी पर पहुंची। उन्होंने इस पूरे मामले के संबंध में जानकारी की। चिकित्सकों के साथ मारपीट एवं शराब के आरोप की जांच उन्होंने एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह को सौंपी है।












Click it and Unblock the Notifications