Vishak Iyer IAS : कानपुर DM ने 'नायक' स्टाइल में की कार्रवाई, मरीज बनकर पहुंचे अस्पताल, जानें फिर क्या हुआ?
कानपुर, 05 अक्टूबर: बॉलीवुड फिल्म 'नायक' में एक दिन के सीएम अनिल कपूर की ताबड़तोड़ कार्रवाई और ईमानदारी भला कौन भूल सकता है? वो नायक रील लाइफ का था जबकि हम आपको मिलवा रहे हैं रियल लाइफ नायक से। नाम है आईएएस विशाख अय्यर।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में डीएम के पद पर सेवाएं दे रहे आईएएस विशाख अय्यर 'नायक' की तर्ज पर काम कर रहे हैं। अय्यर कलेक्टर होने के बावजूद आम नागरिक की तरह शहर में निकलते हैं तो कभी सरकारी अस्पतालों की कार्यशैली जानने के लिए मरीज बनकर पहुंच जाते हैं।

जब मरीज बनकर अस्पताल पहुंच गए डीएम विशाख अय्यर
ऐसा ही एक वाक्या मंगलवार सुबह उस वक्त देखने को मिला जब आईएएस विशाख अय्यर मरीज बनकर अकेले ही शहर के उर्सला अस्पताल पहुंच गए। आम आदमी की तरह लाइन में लगकर पर्चा बनवाया और बेंच पर बैठकर पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया।

न कोई गाड़ी, न लाव लश्कर
दरअसल, कोरोना वायरस महामारी के बीच प्रदेश में स्वास्थ सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए शासन के तमाम निर्देशों के बावजूद स्वास्थ्य महकमे के अधिकारी पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं। वास्तविकता जानने के लिए कानपुर के जिलाधिकारी विशाख अय्यर खुद मरीज बनकर उर्सला अस्पताल पहुंचे। वह बिना किसी सरकारी गाड़ी और लाव लश्कर के अकेले ही अस्पताल पहुंचे, जिससे किसी को शक न हो।

45 मिनट तक बेंच पर बैठे रहे डीएम, नहीं आए डॉक्टर
उर्सला अस्पताल कानपुर के बड़ा चौराहे के पास स्थित है। मंगलवार की सुबह आठ बजे डीएम विशाख अय्यर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लाइन में लगकर ओपीडी के लिए अपना पर्चा बनवाया। अपनी आंखों के चेकअप के लिए डीएम नेत्र विभाग के बाहर बैठ गए। डीएम विशाख अय्यर ने बेंच पर बैठे-बैठे ही करीब 45 मिनट इंतजार किया, लेकिन वहां तैनात डॉक्टर आरपी शाक्य और डॉ. एमएस लाल नहीं पहुंचे।

डीएम ने अकेले किया पूरे अस्पताल का निरीक्षण
इसके बाद डीएम ने अकेले ही अस्पताल का निरीक्षण किया। वह मरीजों के इलाज की हकीकत देखकर परेशान हो गए। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान उन्हें एक भी व्यवस्था सही नहीं मिली। उन्होंने देखा कि अस्पताल में कई विभागों के बाहर मरीजों और तीमारदारों के बैठने तक की व्यवस्था नहीं थी। मरीजों के रजिस्ट्रेशन के लिए बनाए गए काउंटर में 4 की जगह सिर्फ दो ही चल रहे थे, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस दौरान डीएम ने अस्पताल के स्टाफ से बातचीत की, लेकिन किसी से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। डीएम को अस्पताल में गंदगी मिली। वार्डों का भी निरीक्षण किया, लेकिन कुछ सही नहीं मिला।

डीएम ने अस्पताल के डायरेक्टर को किया फोन, मचा हड़कंप
डीएम ने अस्पताल के निरीक्षण के बाद वहीं से उर्सला के डायरेक्टर डॉ. किरन सचान को फोन लगा दिया। उन्होंने डायरेक्टर को अस्पताल की सभी अव्यवस्थाओं के बारे में बताया। जिलाधिकारी के अस्पताल में निरीक्षण की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डॉक्टर, डिप्टी डायरेक्टर और सीएमएस जिलाधकारी के पास पहुंच गए। डीएम ने सीएमएस, डिप्टी डायरेक्टर और सीएमओ को फटकार लगाई। अव्यवस्थाओं को देखते हुए डीएम ने सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा है। नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से ठीक करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

कौन हैं आईएएस विशाख अय्यर ?
विशाख जी अय्यर 2011 बैच के आईएएस अफसर हैं। वह केरल के इडुक्की के रहने वाले हैं। उन्होंने बीटेक भी किया है। वह वाराणसी और फर्रुखाबाद, मेरठ में सीडीओ के पद पर और चित्रकूट व हमीरपुर में जिलाधिकारी के पद पर तैनात रह चुके हैं। आईएएस विशाख अय्यर ने साल 2019 आईएएस अपूर्वा द्विवेदी से शादी की थी। अपूर्वा द्विवेदी फतेहपुर डीएम के पद पर तैनात हैं। दोनों की शादी केरल में ही हुई थी। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव विशाख जी अय्यर को हाल ही में कानपुर के डीएम के रूप में तैनाती दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications