कानपुर: ट्रैक्टर की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, मां-बेटे की दर्दनाक मौत
कानपुर। कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रैक्टर की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया।

मां को डॉक्टर को दिखाने गया था बेटा
बता दें कि मूल रूप से मूसानगर में रहने वाला सर्वेश लखनऊ के गोमतीनगर मोहल्ले में परिवार के साथ रहता था। वह केबिलिंग ठेकेदार की कंपनी में नौकरी करता था। इन दिनों केबलिंग का काम घाटमपुर में होने के कारण सर्वेश मूसानगर में ही था। घर पर सीढ़ियों से गिरने के कारण उसकी मां सुमन के घुटने में चोट आ गई थी। सर्वेश सोमवार को मां को डॉक्टर के पास कार से कानपुर ले गया था। उसके साथ गांव के तीन और लोग भी थे।
ट्रैक्टर से हुई जोरदार टक्कर
देर रात मूसानगर लौटते समय शीतलपुर मोड़ के पास ट्रैक्टर से हुई जोरदार टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। कार चला रहे सर्वेश और ठीक पीछे बैठीं मां सुमन गंभीर रूप से जख्मी होकर कार में ही फंस गई। कार में सवार आशु, पप्पू और बबलू भी जख्मी हो गए। कार को गैस कटर से कटवाकर उसमें फंसे सर्वेश व सुमन को निकाला, लेकिन इससे पहले ही मां-बेटे की मौत हो गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को एलएलआर (हैलट) अस्पताल रेफर कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications