Kanpur: शादी के तीन दिन पहले दूल्हे की निर्मम हत्या, शराब पिलाकर काट दिया मृतक का गुप्तांग
एक युवक जिसकी तीन दिन बाद शादी होने वाली थी, उसे पहले शराब पिलाई गई, फिर उसकी गला घोंटकर हत्या की गई। यहां तक की उसका प्राइवेट पार्ट भी काट दिया गया। अब मामले में पुलिस ने बेहद ही करीबी को गिरफ्तार किया है।

कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में 30 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसका प्राइवेट पार्ट भी काट दिया। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतल और गिलास पड़े मिले हैं। जिसके चलते शराब पिलाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। युवक की पहचान परमेंद्र कुमार के रूप में हुई है। मृतक की 3 दिन बाद यानि 11 जून को शादी होनी थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है।
युवक की लाश, पास में शराब की बोतल और ग्लास
बता दें कि घाटमपुर की नोन नदी के पास तरगांव की नीलम यादव का खेत है। गुरुवार सुबह वहां से गुजरते समय जब ग्रामीणों की नजर एक युवक की लाश पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के गले और शरीर पर चोटों के निशान मिले। साथ ही पास में देशी शराब की बोतल, दो ग्लास और पानी का पाउच पड़ा था।

प्राइवेट पार्ट काटा, मिला खून से सना हुआ चाक़ू
युवक का प्राइवेट पार्ट भी कटा हुआ था। वहीं, पास में खून सना चाकू भी मिला। पुलिस ने शव के शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक की फोटो आसपास के थानों में भेज दी। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चचेरे भाई के साथ गया था, वापस नहीं लौटा
आपको बताते चलें कि घाटमपुर के इटर्रा निवासी परमेंद्र कुमार के माता-पिता की मौत बचपन में ही हो गई थी। साढ़ की रहने वाली उसकी बुआ ज्ञानवती ने उसका लालन-पालन किया था। बुआ ज्ञानवती के मुताबिक, 11 जून को फतेहपुर में परमेंद्र की बारात जानी थी। बुधवार को धान दरैती का कार्यक्रम हुआ था। कुछ दिन पहले परमेंद्र ने बांस बेचा था, लेकिन इसके रुपए उसे नहीं मिले थे। धान दरैती के कार्यक्रम बाद वह अपने चाचा देशराज के लड़के पीयूषकांत के साथ बाइक से 4 हजार रुपए लेने निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

बुआ से हुई थी आखिरी बार बात
वहीं जब देर रात तक परमेंद्र घर नहीं लौटा तब 11 बजे बुआ ने फोन किया। परमेंद्र ने फ़ोन उठाया और बताया कि वह गांव आ गया है। कुछ ही देर में घर पहुंच जाएगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। सुबह तक जब परमेंद्र घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसी बीच देर शाम उन्हें सोशल मीडिया से शव मिलने की जानकारी हुई। परिजन पहुंचे तो शव की शिनाख्त परमेंद्र की रूप में हुई।
चाचा गिरफ्तार, चचेरा भाई फरार
घाटमपुर एसीपी दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक के चाचा देशराज को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। फरार चचेरे भाई पीयूषकांत की तलाश की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, घाटमपुर थानाध्यक्ष अशोक कुमार दुबे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग में हत्या का लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications