कोरोना का खौफ: मंदिरों में देवी मां को पहनाया गया फेस मास्क, लोगों को दिया गया संदेश
कानपुर, अप्रैल 16: उत्तर प्रदेश में कोरोना से हालात बेकाबू हो गए हैं। राजधानी लखनऊ, धर्मनगरी काशी और कानपुर सहित कई जिलों में लगातार तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, साथ ही लोगों में भी सजगता दिखाई दे रही है। कानपुर में लोगों को फेस मास्क के लिए जागरूक करने के लिए मंदिर में देवी मां के मूर्तियों को भी मास्क पहनाया गया है। साथ ही, अपील की जा रही है कि बिना मास्क घर से न निकलें। बता दें, कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए यूपी सरकार ने मास्क अनिवार्य कर दिया है। बिना मास्क पकड़े जाने पर एक हजार रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। अगर दोबारा बिना मास्क के पकड़े गए तो यह राशि 10 गुना तक बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में मास्क जरूर लगाएं, खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।

कानपुर में एक दिन में कोरोना के 1403 नए मामले
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को पिछले 24 घंटों में प्रदेश में कोरोना वायरस के 27,426 नए केस सामने आए हैं, जबकि 103 लोगों की मौत हुई है। राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां 6598 संक्रमित मरीज मिले हैं, जबकि 35 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा प्रयागराज में 1758 ,वाराणसी में 2344 और कानपुर में 1403 नए मामले सामने आए हैं। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1,11,835 है।
यूपी में हर रविवार लॉकडाउन
बता दें, कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को टीम-11 के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रदेश में हर रविवार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश में अब सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को पूर्ण रूप से बंदी रहेगी। इस दौरान अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी बाजार तथा दफ्तर बंद रहेंगे। सभी के लिए मास्क लगाना भी अनिवार्य कर दिया गया है। अगर बिना मास्क के पकड़े गए तो एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाए। वहीं, अगर दूसरी बार बिना मास्क के पकड़े गए तो दस गुना अधिक यानि 10 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मास्क लगाने को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, मास्क नहीं लगाने पर भारी जुर्माना किया जाएगा। रेल के अंदर और रेलवे स्टेशनों पर मास्क पहनना जरूरी है, बाहर से जो लोग आ रहे हैं उनकी टेस्टिंग होगी।












Click it and Unblock the Notifications