कानपुर: शराब के लिए नहीं दिए पैसे तो बेटे ने 80 साल के पिता को मार डाला, बचाने गई मां पर भी किया हमला
शराब के लिए नहीं दिए पैसे तो बेटे ने 80 साल के पिता को मार डाला, बचाने गई मां पर भी किया हमला
कानपुर, 15 अगस्त: खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से है। यहां शनिवार की देर रात एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। जबकि मां को गंभीर रुप से घायल कर दिया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी पुत्र मौका-ए-वारदात से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। परिवार वालों का कहना है कि बेटा शराब पीने के लिए अपने मां-बाप से रुपए मांग रहा था। उन लोगों ने रुपए देने से इनकार कर दिया था।

यह पूरा मामला शिवराजपुर के ईश्वरी पुरवा गांव का है। जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर थाना क्षेत्र के ईश्वरी पुरवा गांव निवासी मेवालाल (80) अपनी पत्नी शिव कली (75) के संग रहते थे। मेवा लाल के तीन पुत्र हरिनारायण, जयनारायण और विजय नारायण में से हरि नारायण और विजय नारायण की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि सबसे छोटा पुत्र विजय नारायण बुजुर्ग दंपती के साथ रहता है।
एसपी आउटर अष्टभुजा प्रसाद ने बताया कि शनिवार की रात बेटे विजय नारायण उर्फ गिन्नी ने शराब के लिए रुपए मांगे तो परिजनों ने देने से मना कर दिया। इससे झल्लाए गिन्नी की माता और पिता से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गिन्नी घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकाल लाया और पिता पर हमला बोल दिया। सिर पर धारदार कुल्हाड़ी लगने से मेवालाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनकी पत्नी बीच-बचाव करने में घायल हो गईं।
चीख-पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो लहूलुहान हालत में बुजुर्ग दंपति को देखकर दंग रह गए। सूचना पर शिवराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही आरोपी गिन्नी को भी पुलिस ने दबोच लिया है। उसने अपना गुनाह कबूल कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications