Kanpur में जीका वायरस के 9 नए मामले, अब तक 98 मरीजों में हुई संक्रमण की पुष्टि
कानपुर, 9 नवंबर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में जीका वायरस का संक्रमण अपने पैर पसारता जा रहा है। मंगलवार को शहर में जीका वायरस के 9 नए मामले सामने आए। सीएमओ डॉक्टर नेपाल सिंह ने बताया कि जिले में अब तक 98 लोगों में जीका वायरस की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने बताया कि टेस्टिंग ओर सैंपलिंग काम काम जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं।

मच्छरों की धर-पकड़ का काम शुरू
कानपुर में जीका वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मच्छरों की धर-पकड़ तेजी से जारी है। दिल्ली से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कानपुर पहुंचकर कन्टेनमेंट जोन से 250 मच्छरों को पकड़कर जांच के लिए स्पेशल ट्रेन से दिल्ली भेजा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम एयरफोर्स स्टेशन, लाल बंगला, हरजिंदर नगर, काजी खेड़ा, लालकुर्ती, जाजमऊ, काकोरी, शिव कटरा, आदर्श नगर, तिवारीपुर बगिया, पोखरपुर, जेके कालोनी, केडीए कालोनी, ओमपुरवा, गिरिजा नगर में हर घर से मच्छरों को पकड़ कर उनकी सैंपलिंग करवा रही है।
बता दें, पिछले दिनों नेशनल इंस्टीट्यूट आफ मलेरिया रिसर्च, दिल्ली में जांच के लिए भेजे गए मच्छरों में से एक में जीका वायरस मिलने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया था कि जीका वायरस मच्छरों से फैल रहा है। हालांकि, यह अभी भी पता नहीं चल सका है कि मच्छरों में जीका वायरस कैसे पहुंचा।
क्या है जीका वायरस ?
जीका वायरस आमतौर पर एडीज प्रजाति के मच्छर के काटने से फैलता है। जीका वायरस का मच्छर दिन और रात दोनों में काटता है। सेक्स संबंधों के जरिए भी जीका वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। जीका वायरस का मच्छर एक बार काटने के बाद और व्यक्तियों को भी संक्रमित कर सकता है। जानकारों के मुताबिक, गर्भवती महिलाओं में भी जीका वायरस बच्चे पर भी असर डाल सकता है। जीका वायरस से संक्रमण के लक्षण हर व्यक्ति पर अलग-अलग प्रकार से होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications