Caught on Camera : सिपाही ने चुरा लिया युवक का मोबाइल, कैमरे में कैद हुई कानपुर पुलिस की करतूत
उत्तर प्रदेश के कानपुर पुलिस का एक कारनामा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। महाराजपुर के छतमरा चौराहे पर आधी रात में गश्त के दौरान सिपाही ने दुकान के बरामदे में सो रहे एक युवक का मोबाइल फोन चुरा लिया। सिपाही द्वारा चोरी की घटना कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसपी आउटर ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एसपी ने कहा कि मामले की जांच में सिपाही दोषी पाया गया। इसके बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही मामले की जांच कराई जा रही है।

छतमरा चौराहे पर लगी थी सिपाही की पिकेट ड्यूटी
मोबाइल चुराने वाले सिपाही की पहचान महाराजपुर थाने में तैपात प्रगेश सिंह के रूप में हुई। प्रगेश सिंह और एक होमगार्ड की ड्यूटी शनिवार की रात छतमरा चौराहे पर पिकेट ड्यूटी लगी हुई थी।

सिपाही ने चुराया युवक का फोन, CCTV में कैद हुई घटना
बताया जा रहा है कि महाराजपुर छतमरा में रहने वाला नितिन सिंह शनिवार रात गांव में ही चौराहे स्थित अपनी दुकान के बरामदे में सो रहा था। सिपाही प्रगेश सिंह बरामदे में सो रहे नितिन सिंह के पास जाता है और उसका मोबाइल उठाकर भाग जाता है। पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रविवार को सिपाही की करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को संज्ञान में लेकर अधिकारियों ने जांच कराई तो आरोपित सिपाही प्रगेश सिंह चोरी करने का दोषी पाया गया।

एसपी ने सिपाही को किया सस्पेंड
एसपी आउटर ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। एसपी आउटर तेज प्रताप सिंह ने इस मामले में बताया गया कि आरोपित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications