Kanpur: कार में टक्कर के बाद भीड़ ने चेक किया इंस्पेक्टर का लाइसेंस, कटा चालान..हाथ भी जोड़ते आए नजर
Kanpur News: पुलिस इंस्पेक्टर की एसयूवी कार ने दूसरी कार में मारी टक्कर तो पब्लिक ने किया हंगामा। इंस्पेक्टर का ड्राइविंग लाइसेंस (DL) चेक किया। इस दौरान इंस्पेक्टर साहब पब्लिक के सामने हाथ जोड़ते नजर आए।

Kanpur News: यूं तो पुलिस आम जनता का ड्राइविंग लाइसेंस चेक करती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में थोड़ा उल्टा हो गया। यहां पब्लिक ने एक पुलिस इंस्पेक्टर का ड्राइविंग लाइसेंस (DL) चेक कर लिया। दरअसल, हुआ यूं कि कल्याणपुर क्षेत्र में एक पुलिस इंस्पेक्टर की एसयूवी कार से बीच बाजार एक कार को दो बार टक्कर लग गई थी। जिसके बाद कार मालिक ने मौके पर हंगामा कर दिया और पब्लिक के साथ मिलकर इंस्पेक्टर से DL दिखाने की मांग की।
इस दौरान इंस्पेक्टर साहब के पास DL नहीं मिला तो वह पब्लिक के सामने हाथ जोड़ते नजर आए। हंगामे और पब्लिक के सामने इंस्पेक्टर द्वारा हाथ जोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पब्लिक वाइब रिपोर्ट्स ज्ञानेन्द्र कुमार शुक्ला के मुताबिक, हंगामा होता देख वहां तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी भी पहुंच गया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने इंस्पेक्टर की गाड़ी का चालान काटा तब जाकर हंगामा शांत हो सका। यह मामला कानपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर क्रासिंग का है।
पब्लिक वाइब रिपोर्ट्स ज्ञानेन्द्र कुमार शुक्ला के मुताबिक, झांसी में तैनात इंस्पेक्टर जीएस यादव कानपुर होते हुए झांसी जा रहे थे। इस दौरान कल्याणपुर क्रासिंग इंदिरा नगर मोड़ पर बैक करते हुए उनकी गाड़ी ने दो बार दूसरी कार को टक्कर मार दी। इस दौरान कार में सवार लोगों और पब्लिक ने उन्हें घेर लिया। सोशल मीडिया पर जो वीडिया वायरल हो रहा है उसमें हंगामा कर रही पब्लिक द्वारा आरोप लगाते हुए साफ सुना जा सकता है कि इंस्पेक्टर को गाड़ी चलानी नहीं आती है।
Recommended Video

बगैर डीएल गाड़ी चला रहे, हूटर भी अवैध तरीके से लगा रखा है। इनका चालान होना चाहिए। भीड़ में मौजूद लोगों ने कहा कि अगर कोई आम आदमी बगैर डीएल गाड़ी चला रहा होता तो उसका चालान काट दिया जाता, तो पुलिस कर्मी का क्यों नहीं। इस दौरान इंस्पेक्टर हाथ जोड़कर माफी मांगते रहे, लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी। इसके बाद वहां मौजूद ट्रैफिक कांस्टेबल कमलजीत ने इंस्पेक्टर के पास डीएल नहीं होने पर उनका चालान काटा। तब जाकर हंगामा शांत हुआ। इसके बाद इंस्पेक्टर जीएस यादव अपनी गाड़ी लेकर वहां से रवाना हुए।












Click it and Unblock the Notifications