Kanpur News: कानपुर में दो सनसनीखेज घटनाएं, एक ने सचिव की नाक काटी, दूसरे ने युवक का कान चाकू से काटा
Kanpur News: कानपुर में रविवार का दिन दो अलग-अलग वारदातों के नाम रहा, जो अपने आप में हैरान कर देने वाली हैं। एक ओर एक पॉश सोसाइटी में कार पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सचिव की नाक ही दांतों से काट डाली गई, तो दूसरी तरफ गांव में शराब के नशे में धुत लड़कों ने एक युवक का कान काट डाला।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है । मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है। वहीं इन दोनों घटनाओं की चर्चा इलाके में जोरों पर हो रही है।

रतन प्लेनेट में पार्किंग को लेकर की हमला
मंधना के नारामऊ क्षेत्र की रतन प्लेनेट सोसाइटी में कार पार्किंग को लेकर रविवार शाम विवाद हो गया। डी ब्लॉक में रहने वाले क्षितिज मिश्रा ने अपनी पार्किंग में किसी और की गाड़ी देख सचिव रूपेश यादव को फोन कर गाड़ी हटवाने को कहा।
रूपेश ने बताया कि वह गार्ड को भेजकर गाड़ी हटवा रहे हैं, लेकिन क्षितिज ने उन्हें मौके पर आने के लिए कहा। जब सचिव वहां पहुंचे तो पहले से चार लोग मौजूद थे। बहस के दौरान अचानक बात इतनी बढ़ गई कि क्षितिज ने सचिव की नाक पर दांतों से हमला कर दिया।
हमले में सचिव की नाक का अगला हिस्सा बुरी तरह जख्मी हो गया। खून बहने लगा तो मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
इस मामले में सचिव रूपेश यादव के बेटे प्रशांत यादव ने इस पूरी घटना की रिपोर्ट बिठूर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस मामाले को लेकर सोसाइटी के लोग भी हैरान हैं।
शराब के नशे में चाकू से हमला
दूसरी घटना बिल्हौर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर मोहल्ले की है। यहां रहने वाले अकरम खान ने बताया कि 24 मई को वह अपने दोस्त शाहरूख के साथ एक गेस्ट हाउस के पास बैठे थे। उसी वक्त राजीव नगर के रहने वाले उस्मान और सुल्तान वहां पहुंचे।
नशे में धुत दोनों युवकों ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर अचानक चाकू निकालकर अकरम पर हमला कर दिया। इस हमले में अकरम का एक कान कट गया।
हमले के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। अकरम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित और उसके परिवार का कहना है कि आरोपी धमका कर कह गए कि अगली बार सीधे जान लेंगे।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर करते हुए उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications