Kanpur: शराब के पैसे न देने पर भाई ने बहन को पीटा, पहले बहन और फिर भाई ने जहर खाकर दी जान
Kanpur News: शराब के पैसे न देने पर भाई ने अपनी छोटी बहन की पिटाई कर दी। पिटाई से आहत हुई बहन ने जहर खा लिया। जैसे ही इस बात की जानकारी भाई को हुई तो उसने भी जहर खा लिया।

Kanpur News: खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से है। यहां एक भाई ने शराब पीने के लिए अपनी बहन से रुपए मांगे। बहन ने शराब के लिए रुपए देने से इनकार कर दिया तो नाराज भाई ने बहन की पिटाई कर दी। पिटाई से आहत हुई बहन ने जहर खा लिया। बहन की हालत बिगड़ने लगी तो भाई ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में परिजन दोनों को हैलट अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई।
यह घटना कानपुर जिले के शिवराजपुर थाना क्षेत्र के ईशेपुर गांव की है। गांव निवासी सुरेंद्र बाबू दिवयांग हैं। उनके परिवार में पत्नी उषा देवी और बड़ा बेटे आशीष कुमार (20) और एक बेटी दीक्षा (18) हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरेंद्र बाबू के बड़े बेटे आशीष ने गुरुवार देर शाम अपनी छोटी बहन दीक्षा से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। इस पर दीक्षा ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज आशीष ने दीक्षा की पिटाई कर दी।
भाई द्वारा पिटाई किए जाने से क्षुब्ध होकर दीक्षा ने जहर खा लिया। बहन की हालत खराब होती देख आशीष ने भी परिजनों के डर से जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिलते ही परिजन दोनों को एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों ने हैलट रेफर कर दिया। देर रात दोनों की मौत हो गई। भाई-बहन की मौत के बाद दिव्यांग पिता सुरेंद्र की हालत बिगड़ गई तो वहीं, मां ऊषा देवी भी बेसुध हो गईं।
शिवराजपुर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था। जिसे लेकर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। दोनों का खेरेश्वर घाट पर दाह संस्कार कर दिया गया। मां ऊषादेवी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवारजनों की मानें तो आशीष पानीपत में प्राइवेट नौकरी करता था। पांच महीने पहले ही वह गांव आया था। वहां से आने के बाद वह शराब का लती हो गया था। शराब का लती होने के चलते आशीष आए दिन घर में विवाद करता रहता था।












Click it and Unblock the Notifications