Kanpur: विवाद के बाद फंदे पर 28 दिनों तक लटकी रही पति की लाश, घर पहुंची पत्नी कंकाल देखकर हुई बेहोश
कानपुर जिले में विवाद के बाद पत्नी घर छोडकर चली गई, 28 बाद जब वो वापस लौटी तो उसके पति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। महिला के पति का शव कंकाल बन चुका था।

Kanpur News: हैरान कर देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से सामने आई है। यहां पति से विवाद के 28 दिन बाद पत्नी अपने घर वापस लौटी तो उसके होश उड़ गए। पति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था और वह कंकाल में तब्दील हो चुका था। पति को इस हालत में देखकर महिला बेहोश हो गई। वहीं, अन्य परिजनों ने इस घटना की जानकारी पुसिल को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला का घर आबादी से दूर बना हुआ है इस वजह से किसी को भी इस घटना की भनक तक नहीं हुई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। यह मामला कानपुर जिले के अरौल थाना क्षेत्र के अमीनाबाद गांव का है। गांव निवासी सुदामा शर्मा (30) अपनी पत्नी कीर्ति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था।
पत्नी कीर्ति ने बताया कि 18 दिसंबर को किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया था। इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ ननद के घर उत्तरीपुरा चली गई थी। सुदामा की पत्नी कीर्ति की मानें तो 21 दिसंबर तक उसकी फोन पर अपने पति से बात होती रही। इसके बाद से पति से कोई बात नहीं हुई। इसके बाद सुदामा की पत्नी कीर्ति 18 जनवरी को वापस अपने घर लौटी तो ताला लगा हुआ था।
किसी तरह वो घर के अंदर दाखिल हुई तो उसके पति का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था और वह कंकाल में तब्दील हो चुका था। पत्नी ने आशंका जताई कि 21 दिसंबर को ही पति ने घर को बाहर से बंद कर किसी तरह अंदर पहुंचकर फांसी लगा ली।
Recommended Video

मकान गांव से दूर होने की वजह से किसी को इसकी भनक भी नहीं लगी। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव 25 से 30 दिन पुराना लग रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications