एक मैसेज ने उड़ाए होश, हेलमेट पहनकर कार चलाने को मजबूर हुआ कानपुर का ये शख्स
कानपुर, 07 सितंबर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में रहने वाला एक शख्स इन दिनों हेलमेट पहनकर कार चला रहा है। शख्स को देखते ही लोगों की नजर उसपर टिक जाती है। कुछ लोगों ने इस शख्स का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया शेयर कर दिया। यह वीडियो अब वायरल हो गया है। आइए जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला ?

मोबाइल पर आया एक मैसेज देख रह गए भौंचक्के
हेलमेट पहनकर कार चलाने वाले इन शख्स का नाम विशाल मिश्रा है। विशाल कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के बाबानगर इलाके में रहते हैं। विशाल ने बताया कि उनके पास मारुति की स्विफ्ट कार है। बीते 31 अगस्त को वह अपनी स्विफ्ट कार से आवश्यक काम से शहर गए थे। वह जब वापस घर आए तो उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। इस मैसेज को देखकर उनका सिर चकरा गया।

कार में हेलमेट न लगाने पर कटा 1000 रुपए का चालान
विशाल ने बताया कि मैसेज में ऑनलाइन चालान होने की जानकारी मिलने पर वह हैरान रह गए। इससे भी अधिक हैरानी तब हुई जब ये देखा कि हेलमेट लगाकर कार न चलाने की वजह से उनका 1000 रुपए का चालान किया गया है। विशाल का कहना है कि यह ट्रैफिक पुलिस की भारी लापरवाही का नमूना है।

अब हेलमेट लगाकर कार चला रहे विशाल, वीडियो वायरल
इस चालान के विरोध में विशाल मिश्रा अब हेलमेट पहनकर अपनी कार चला रहे हैं। इसका वीडियो खूब वायरल हो रहा है। विशाल का कहना है कि एहतियात के तौर पर अब वह हेलमेट लगाकर कार चला रहे हैं कि कही ऐसा न हो कि ट्रैफिक पुलिस दोबारा उनका चालान काट दे। इस मामले पर फिलहाल पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इससे पहले झांसी में यातायात पुलिस का एक ऐसा ही अजब-गजब मामला सामने आया था। कार चालक का बिना हेलमेट लगाए गाड़ी चलाने के आरोप में चालान किया गया था, जबकि मोटर साइकिल सवार का चालान सीट बेल्ट न बांधने के आरोप में कर दिया गया। गलत चालान होने के बावजूद वाहन चालकों को मजबूरन यह चालान जमा करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications