Kanpur: शराबी को बचाने की कोशिश में गई सिपाही विवेक की जान, तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल
Kanpur Dehat Road Accident News: कानपुर देहात के अकबरपुर इलाके में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार टेंपो की चपेट में आने से 26 साल के कांस्टेबल की मौत हो गई। तो वहीं, 3 अन्य पुलिसकर्मी भी इस हादसे में घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पुलिसकर्मी हाईवे पर पड़े एक शराबी की मदद करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में शराबी की भी मौत हो गई, जिसकी अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि तीन घायल पुलिसकर्मियों में एक उप-निरीक्षक भी शामिल है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कानपुर देहात) राजेश कुमार पांडे ने कहा कि उप-निरीक्षक मथुरा प्रसाद, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और कांस्टेबल सौरभ कुमार एवं विवेक कुमार के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें माधापुर पुल पर एक शराबी पड़ा हुआ दिखाई दिया।
राजेश कुमार पांडे ने कहा कि पुलिसकर्मी तुरंत अपने वाहन से कूदे और जैसे ही कांस्टेबल विवेक कुमार ने शराबी को खींचने की कोशिश की, एक तेज रफ्तार लोडर-टेम्पो ने उन्हें टक्कर मार दी और वह पुल से गिर गए और उनकी मौत हो गई। बताया कि अन्य पुलिसकर्मियों के हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं है।
सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने कांस्टेबल सौरभ की गंभीर हालत देखते हुए रीजेंसी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया। एएसपी ने कहा, अकबरपुर पुलिस थाने में तैनात मृतक सिपाही विवेक कुमार सहारनपुर के मूल निवासी थे और साल 2019 में उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल हुए थे।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि टेंपो चालक को को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान दिल्ली निवासी सुरेंद्र कुमार गुप्ता (40) के रूप में हुई और टेंपो भी जब्त कर लिया गया है। एएसपी पांडे ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद कांस्टेबल का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया है।
कांस्टेबल की मौत की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस प्रमुख बीबीजीटी एस मूर्ति समेत आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि आईपीसी की धारा 279, 304ए, 337 और 338 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications