कानपुर: नेशनल बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट और उनके भाई की दर्दनाक मौत, ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
कानपुर। कानपुर में सड़क हादसे में पूर्व राष्ट्रीय बॉक्सिंग गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी और उनके भाई की मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ के पास लोडर में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। लोडर के दो टुकड़े हो गए, जिसका एक हिस्सा जीटी रोड और दूसरा हिस्सा खाई में जा गिरा। दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों भाई जीटी रोड किनारे खराब हुए लोडर को सही कर रहे थे।

गोविन्द नगर के गुजैनी में रहने वाले पूर्व बॉक्सिंग खिलाड़ी धनंजय सिंह के बड़े भाई अजय सिंह चौहान खुद का लोडर चलाते थे। लोडर खराब होने पर सुबह तड़के धनंजय उनकी मदद को गया था। धनंजय बॉक्सिंग के नेशनल प्लेयर रहे हैं। जिसने कई मेडल जीते थे। फिलहाल वह बीमा एजेन्ट के तौर पर काम कर रहे थे।

खेल जगत में शोक की लहर
पूर्व बॉक्सिंग चैंपियन रहे धनंजय की हादसे में मौत की खबर फैलते ही शहर के खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। कानपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने उनकी आत्मा शांति के लिए प्रार्थना की। एसोसिएशन के सचिव संजीव दीक्षित ने बताया कि धनंजय सफल बॉक्सर थे। धनंजय ने तीन बार ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी और तीन बार नेशनल खेलकर मेडल हासिल किया था। पांच बार के उत्तर प्रदेश के गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके थे। बाद में वुशु खेलने लगे थे और इसमें स्टेट लेवल पर भी चयनित हुए और नेशनल खेलकर ब्रॉन्ज मेडल भी हासिल किया था। इसके बाद करीब तीन साल तक उन्होंने लखनऊ के एक जिम में भी काम किया और मौजूदा समय में वह एजेंट का काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि धनंजय काफी मिलनसार स्वभाव के थे और शहर के बॉक्सिंग खिलाड़ियों के बीच लोकप्रिय थे। कानपुर के बॉक्सिंग जगत ने एक अच्छा खिलाड़ी खो दिया है।












Click it and Unblock the Notifications