यूपी: दरोगा की बेटी से चार लड़कों ने किया गैंगरेप, दो पुलिस अफसर के बेटे
Kanpur news, कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक पुलिस अफसर की बेटी से गैंगरेप का मामला सामने आया है जिसमें पुलिस ने चार आरोपियों में दो को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपी इंजीनयरिंग के छात्र बताए जा रहे हैं। पीड़िता 11वीं की छात्रा को आरोपी बाबूपुरवा थाने के सामने फेंककर भाग गए। लोगों ने युवती को को बेहोशी की हालत में देखा तो पुलिस को खबर की।

पुलिस के उड़े होश
जब पुलिस ने पड़ताल की तो पीड़िता इलाके में तैनात एक सब इंस्पेक्टर की बेटी निकली। यह जानकर पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को इस घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़िता के घरवालों ने फिर उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के लिए ले गए। मौके पर एसएसपी अनंतं देव, एसपी पश्चिम संजीव सुमन फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
दरोगा की बेटी से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और अस्पताल पहुंचकर मामले पर पीड़िता से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का कहना है कि छात्रा मंगलवार को फ्रेंड के साथ कॉलेज गई थी। इंजीनयरिंग का छात्र अनुराग उसे बहला-फुसलाकर काकादेव क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में ले गया। जहां उसके अन्य तीन साथी मौजूद थे। चारों ने उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया।

बेहोश छात्रा को फेंककर भागे
पीड़िता ने बताया कि वो बेहोश होने लगी तो सभी आरोपी उसे कार से लाकर रास्ते में फेंक गए। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। केस दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश में पुलिस लगी है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस बारे में एसपी ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया और दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस मामले में मुख्य आरोपी और एक अन्य पुलिस अफसर के बेटे बताए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- डिलीवरी के लिए डॉक्टरों ने किए हाथ खड़े, देखिए महिला का क्या हाल हो गया?












Click it and Unblock the Notifications