कानपुर: पेशी पर जा रहे दो हत्यारोपियों की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप
कानपुर। कानपुर नगर में बुधवार को सरेराह दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जिन दो व्यक्तियों की हत्या की गई है वह भी हत्यारोपी थे और कानपुर देहात की कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे। फिलहाल, मौका ए वारदात पर तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी फोर्स तैनात कर दी गयी है।

डबल मर्डर से दहला इलाका
कानपुर जिले की तहसील घाटमपुर से कानपुर देहात का नवीपुर बॉर्डर उस वक्त दहल उठा जब बाइक सवार लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार करना शुरू कर दिया। मौके पर अफरातफरी मच गई और बदमाश बड़े आराम से फरार हो गए। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही मौके पर जिले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घाटमपुर कोतवाली समेत आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई।
हत्या के आरोपी थे दोनों
फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों की पहचान जलाला गांव निवासी बच्चा सिंह और संजय सिंह के रूप में हुई। दोनों पर पूर्व में विजय सिंह नाम के व्यक्ति की हत्या का आरोप था। माना जा रहा है कि रंजिश के तहत इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications